दसूहा | नहरी विभाग ने कंडी क्षेत्र की नहरों में जल्द पानी नहीं छोड़ा तो संघर्ष किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी नहरी विभाग की होगी। यह बात विकास मंच दसूहा के चेयरमैन जगमोहन सिंह घुम्मन बब्बू ने कंडी संघर्ष कमेटी के सम्मान समारोह में कही। उन्होंने कहा कि नहरी विभाग द्वारा 10 मई का समय दिया गया था लेकिन इसके बावजूद भी इस संदर्भ में कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई और अभी भी नहरें पानी के बिना सूखी पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि कंडी क्षेत्र के लोग पहले ही गरीब हैं और वे अधिकतर कृषि पर ही निर्भर हैं, इसलिए नहरी विभाग को इस संदर्भ में उचित कार्रवाई अमल में लानी चाहिए अन्यथा विकास मंच दसूहा द्वारा कंडी संघर्ष कमेटी के सहयोग से संघर्ष किया जाएगा। इस अवसर पर कंडी संघर्ष कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा घुम्मन को सम्मानित किया गया। यहां गुरप्रीत सिंह लवली, सेवा सिंह चंडीदास, भूपिंद्र सिंह बनियाल, सतपाल सिंह, जसविंद्र सिंह मौजूद थे।