इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटेड टूर्नामेंट
शतरंज टूर्नामेंट में भाग लेते खिलाड़ी।
20 राज्यों के 300 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
भास्कर संवाददाता | दतिया
जिला शतरंज संघ द्वारा संत हजारी राम मंदिर में आयोजित दो लाख तीस हजार इनामी राशि वाले प्रथम ब्रेन मास्टर इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटेड शतरंज टूर्नामेंट दतिया का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, बिहार, कोलकाता, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु समेत 20 राज्यों के 300 से अधिक खिलाड़ियों ने शिरकत की, जिसमें सभी राज्यों के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए मप्र के रूपेशकांत 8 अंकों के साथ विजेता रहे और तमिलनाडु से आए इंटरनेशनल मास्टर रामनाथन बाला सुब्रह्मण्यम को चतुर्थ स्थान से संतोष करना पड़ा। साथ ही रजत यादव को सर्वश्रेष्ठ दतिया के खिलाड़ी के रूप में चुना गया। मोहित श्रीवास्तव दतिया उपविजेता रहे। टूर्नामेंट के संरक्षक प्रशांत ढेंगुला ने विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के आगमन पर उन्हें धन्यवाद दिया। टूर्नामेंट सचिव रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में मुख्य पुरस्कार के अलावा अंडर 1300 रेटिंग केटेगरी में उत्तर प्रदेश के स्पर्श यादव प्रथम अंडर 1600 केटेगरी में मध्य प्रदेश के सौरभ जैन प्रथम विजेता, एवं मुरारी कोरी उप विजेता रहे। अनरेटेड केटेगरी में उत्तर प्रदेश के अमित धमेले विजेता, बिहार के महादेव भारद्वाज उप विजेता रहे। अभिषेक सोलंकी तृतीय तथा दतिया के अनिल कुमार गोस्वामी चतुर्थ स्थान पर रहे। सर्वश्रेष्ठ महिला में मंदाकिनी मिश्रा विजेता, अराध्या चौहान उप विजेता रही। अंडर-7 में ध्रुव वर्मा, अंडर-9 में उप्र के माज इकबाल विजेता एवं मप्र काव्य जैन उप विजेता रहे। अंडर-13 में प्रखर बजाज मप्र विजेता एवं हरियाणा के बिहान उप विजेता रहे। अंडर-17 में गौरव निगम विजेता एवं आदित्य प्रताप सिंह उप विजेता रहे।
रूपेशकांत बने फर्स्ट ब्रेन मास्टर