- Hindi News
- National
- गांव से खरीद केंद्र हटाया तो ग्रामीणों ने विधायक को घेरा उनाव में ही गेहूं की खरीदी का लिया आश्वासन, तब माने
गांव से खरीद केंद्र हटाया तो ग्रामीणों ने विधायक को घेरा उनाव में ही गेहूं की खरीदी का लिया आश्वासन, तब माने
किसान बोले- अधिकारी की मनमानी से सोसायटी से केंद्र को हटाया गया
भास्कर संवाददाता | उनाव
भांडेर विधान सभा की तीन सोसायटी तरगंवा, उनाव एवं परासरी पर समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जाती थी। जिससे किसानों को गेहूं की फसल बेचने के लिए परेशान न होना पड़े, लेकिन अधिकारी की मनमानी के कारण तीनों केंद्रों को हटाकर इस वर्ष दतिया से दो किलोमीटर दूर गाड़ी घाट वेयर हाउस पर कर दिया। जो कस्बे से करीब 25 किलोमीटर है। जब किसानों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने गाड़ी घाट खरीदी केंद्र पर समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने से मना कर दिया। वहीं क्षेत्रीय विधायक घनश्याम सिंह पिरोनिया से शुक्रवार को भ्रमण के दौरान घेर लिया। श्री विधायक ने किसानों को आश्वासन दिया है कि गेहूं की खरीदी उनकी सोसायटियों पर की जाएगी। इसके लिए मुझे सीएम तक क्यों न जाना पड़े। आप किसी भी कीमत पर 25 किलोमीटर दूर नहीं जाएंगे।
बता दें कि तरगंवा, उनाव एवं परासरी सोसायटी से करीब दो दर्जन से अधिक गांव जुडे हैं। इन गांव में करीब 4 हजार किसान हैं। लेकिन अधिकारियों की मनमानी के कारण तीनों सोसायटी के खरीदी केंद्रों को परिवर्तित कर दिया है। वहीं 25 किलोमीटर दूर गाड़ी घाट रखा है। जबकि शासन किसानों के हित में काम करने की बात कर रहा है। दूसरी ओर अधिकारी किसानों को परेशानी में डाल रहे हैं। किसानों को जब जानकारी मिली तो वह विधायक घनश्याम सिंह पिरोनिया के पास समस्या लेकर पहुंचे। किसानों ने कहा कि हम 25 किलोमीटर दूर समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने नहीं जाएंगे। चाहे हमें चाहे अपना अनाज बाजार में सस्ते दामों में क्यों न बेचना पड़े। वहीं किसानों ने विधायक से खरीखोटी कह दी।
भ्रमण से लौट रहे थे विधायक
शुक्रवार शाम को विधायक क्षेत्र में भ्रमण कर लौट रहे थे। तभी सभी किसानों ने उन्हें पूर्व सरपंच नाथूराम यादव, राजू चौधरी सहित करीब आधा सैकड़ा किसानों ने घेर लिया। वहीं समस्या से अवगत कराया। सेवा सहकारी समिति तरगुवा, उनाव एवं परासरी का गत साल समर्थन मूल्य पर खरीदी केंद्र परासरी गांव में स्थापित किया गया था। लेकिन इस वर्ष हटा दिया है। वहीं किसानों ने कहा कि सोसायटी पर ही गेहूं की खरीदी की जाए। श्री पिरोनिया ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए जिम्मेवार अफसर मनमानी कर रहे है। किसानों को होने वाली परेशानी से अफसरों को पूर्व में अवगत कराया जा चुका है। आप चिंता न करें में आप के साथ हूं। यदि समय रहते गेहूं उपार्जन केंद्र को गाड़ी घाट से हटाकर उनाव नहीं किया गया तो में स्वयं अफसरों की कार्यप्रणाली से मुख्यमंत्री को अवगत कराऊंगा। उनाव लघु कृषक केंद्र पर कांटे लगवाकर समर्थन मूल्य पर तौल कराई जाएगी।
केंद्र नहीं बदला तो नहीं बेचेंगे गेहूं
किसानों ने विधायक को बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की मनमानी के कारण केंद्रों को बदला गया है। जिसकी वजह 4 हजार किसान परेशानी के लिए समस्या पैदा हो गई। यदि सोसायटियों पर खरीदी नहीं हुई तो एक भी किसान 25 किलोमीटर परिवर्तित खरीदी केंद्र गाड़ी घाट पर फसल बेचने के लिए नहीं ले जाएगा।
पिरोनिया बोले- अफसर नहीं माने तो सीएम को बताएंगे
गेहूं तौल के लिए किसानों को 25 किलोमीटर दूर गाड़ी घाट नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए विधायक ने किसानों को भरोसा दिलाया है। वहीं जिला अधिकारियों से केंद्र को उनाव में करने के लिए कहा है। यदि जिला अधिकारियों द्वारा विचार नहीं किया गया तो वह मुख्यमंत्री के यहां पर समस्या को रखेंगे।
यहां भी हो सकती है खरीदी की व्यवस्था
शासन ने गांवों के मध्यवर्ती क्षेत्र में नरगढ़ गांव में बुंदेलखंड पैकेज के तहत सर्व सुविधा युक्त लघु कृषक बाजार का निर्माण करवा दिया है। इस लघु कृषक बाजार में दो बड़े बड़े गोदाम के अलावा विशाल परिसर टीनशेड व पेयजल व आवागमन के लिए मार्ग भी सुलभ है। इस बाजार से गेहूं उपार्जन केंद्र से जुड़े कुम्हरिया, छेवलारी, जनकपुर, तरगुवां सहित अन्य गांव की दूरी लगभग पांच किलोमीटर के करीब है। इसलिए यह जगह खरीदी के लिए उपर्युक्त हो सकती है।