आरोपियों ने साथियों के नाम बताए फिर भी चोरों का नहीं लगा सुराग
- इंदरगढ़ और सालोन बी की चोरी में पुलिस के हाथ खाली
भास्कर संवाददाता | दतिया
ग्राम सालोन बी में रात 12 बजे से सुबह चार बजे तक तीन घर से लाखों का सामान समेटकर ले जाने वाले चोरों का दो दिन बाद भी पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। चोर माल समेट कर निकल गए और पुलिस हाथ मलती रह गई। इसी प्रकार इंदरगढ़ में एक घर से चोरी और दूसरे में चोरी की घटना को अंजाम देने और पीड़ित परिवार पर जानलेवा हमला करने वाले भी बेसुराग हैं। केवल दो चोर पकड़े गए हैं जिन्हें खुद मोहल्ले के लोगों ने ही पकड़ा था, हालांकि जो चोर घायल हुए थे उन्होंने अपने साथियों के नाम इंदरगढ़ पुलिस को बता दिए हैं।
ग्राम सालोन बी में चोरों ने रामनारायण पुत्र सुम्मेर सिंह महते के घर में घुसकर पांच लाख रुपए नगद, आभूषण चोरी कर लिए थे। इसी गांव में चोरों ने बलराम पुत्र नारायण सिंह धाकड़ और देवेंद्र पुत्र विजयराम धाकड़ के यहां चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोर जब माल समेटकर गांव की गली से निकले तो गांव के दो लोगों ने उन्हें देखा भी और टोका भी, लेकिन चोरों ने जब उनसे कहा कि तुम कौन होते हो पूछने वाले, तो दोनों ग्रामीण शांत रह गए, लेकिन इस बीच ग्रामीणों ने न तो पुलिस काे सूचना दी और न ही शोरशराबा कर चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। चोर आसानी से गांव के बाहर निकलकर फरार हो गए। इससे पूर्व चोरों ने इंदरगढ़ में रामसिया पुत्र रामनाथ के यहां चोरी की घटना को अंजाम दिया और घर मालिक रामसिया व उसकी प|ी पर जान लेवा हमला भी कर दिया था। छत से कूदकर भागने के प्रयास में दो चोर लाखन सिंह गुर्जर और देवेंद्र सिंह गुर्जर घायल हो गए थे। लाखन जिला अस्पताल दतिया और देवेंद्र इंदरगढ़ अस्पताल में भर्ती है। दोनों ने पुलिस को अपने साथियों के नाम तो बता दिए लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से आम जनता में भय का माहौल हो गया है।