रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण आज, 35 गांवों को मिलेगा लाभ
34 करोड़ से बने ब्रिज से शिवपुरी-गुना व झांसी के लोगों को भी फायदा
भास्कर संवाददाता | दतिया
दतिया-दिनारा रोड पर रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। 15 अप्रैल को गरिमामयी कार्यक्रम के साथ पुल का लोकार्पण होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पोस्टर, बैनर से शहर पट चुका है। जनसंपर्क मंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा ब्रिज का लोकार्पण कर इसे आम जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा। ओवरब्रिज से रेलवे क्रॉसिंग के उस पार बसे 35 गांव के ग्रामीणों के अलावा शिवपुरी, अशोकनगर, गुना और झांसी जिले से आने वाले लोग भी बिना किसी ट्रैफिक जाम के निकल सकेंगे।
बता दें कि वर्ष अक्टूबर 2006 में रेलवे का सबसे बड़ा हादसा दतिया स्टेशन के पास हुआ था। बुंदेलखंड एक्सप्रेस क्राॅसिंग के पास बनी कैबिन में घुस गई थी जिससे कई लोगों की इस हादसे में मौत हुई थी। तभी रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग चल रही थी।