सुबह छाए रहे बादल, दो डिग्री बढ़ा दिन का पारा
रात के तापमान में हल्की गिरावट, गर्मी से राहत नहीं
दतिया |शनिवार को दिन का तापमान दो डिग्री और बढ़ गया है। तापमान 39 डिग्री पर पहुंच गया है। तेज धूप निकलने और तापमान बढ़ने से किसानों ने राहत की सांस ली है। तीन दिन पहले बारिश की वजह से गीली हो चुकीं फसलें धूप से सूख चुकी हैं और थ्रेसिंग कार्य पुन: शुरू हो गया है। संभवत: 10 से 15 दिन में ही 75 प्रतिशत थ्रेसिंग कार्य पूरा हो जाएगा। किसान सभी कामकाज छोड़कर केवल फसल कटाई में लगे हैं। शुक्रवार को दिन का तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री दर्ज किया गया था। शनिवार को तापमान दो डिग्री बढ़कर 39 डिग्री पर पहुंच गया। रात का तापमान 0.3 डिग्री नीचे गिरकर 19.9 पर पहुंच गया। पिछले तीन दिन में दिन का तापमान छह डिग्री बढ़ा है। इससे पहले तापमान इस महीने के सबसे नीचे पायदान पर गुरुवार को 33 डिग्री दर्ज किया गया था। तीन दिन से लगातार मौसम साफ रहने और तेज धूप निकलने से गीली फसलें सूखने लगी हैं और किसानों ने उनकी थ्रेसिंग कार्य कराना शुरू कर दिया है। किसान अक्षय तृतीया से पहले फसलों की थ्रेसिंग करना चाहता है ताकि सहालग में नाते रिश्तेदारी में जा सकें। आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की उम्मीद है।