एक सप्ताह बाद भी एटीएम खाली, नगदी की किल्लत
बैंकों में भी 10-10 हजार देकर काम चलाने को कह रहे कर्मचारी
भास्कर संवाददाता | दतिया
दतिया जिले के एटीएम इन दिनों कैश नहीं निकल रहा हैं। एक सप्ताह से ज्यादा का समय बीत गया, अधिकतर एटीएम बूथ के शटर डले हुए हैं। जो एटीएम खुले हैं, उनमें नकदी नहीं है। लोग चेक के जरिए बैंक से रुपए निकालने पहुंच रहे हैं तो उन्हें 10-10 हजार देकर काम चलाने के लिए बैंककर्मी कह रहे हैं। इससे लोग परेशान हैं।
साहलग में लोगों को शादी विवाह कार्यक्रमों के लिए एक मुश्त राशि की आवश्यकता है। शादी में टेंट, हलवाई, दान दहेज आदि के लिए कैश की आवश्यकता है। लेकिन लोगों के पास पैसा नहीं है। इसका सीधा असर व्यापार पर भी पड़ रहा है। जेब खाली होने की वजह से लोग बाजार में खरीददारी करने भी नहीं जा पा रहे हैं। लोगों को डेढ़ साल पहले हुई नोटबंदी का असर अब भी बैंकों में दिख रहा है।
लोगों का कहना है कि नोटबंदी के दस पंद्रह दिन बाद ही हालात सामान हो गए थे और घरों में कैश पहुंच गया था लेकिन इन दिनों नोटबंदी से ज्यादा खराब हालत हैं। लोगों का कहना है कि अगर हजार पांच सौ रुपए की भी आवश्यकता हो तो बैंक जाना पड़ता है।