पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हर्ष फायर में घायल गजेंद्र की भी इलाज के दौरान मौत, आरोपी का सुराग नहीं

हर्ष फायर में घायल गजेंद्र की भी इलाज के दौरान मौत, आरोपी का सुराग नहीं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सोमवार को हर्ष फायर में किशोर की हुई थी मौत, अब मरने वालों की संख्या दो हुई

भास्कर संवाददाता | दतिया

थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम ईंगुई में सोमवार की रात दष्ठौन कार्यक्रम में किए गए हर्ष फायर में घायल 18 वर्षीय देशराज उर्फ गजेंद्र पुत्र बलराम कुशवाह निवासी ईंगुई की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। अब घटना में मृतकों की संख्या दो हो गई। घटना में घायल एक अन्य शत्रुघन पुत्र चन्द्रभान राजपूत की हालत संतोषजनक बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सत्येन्द्र गुर्जर के अनुसार अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। वर्तमान में आरोपी फरार है।

बता दें कि सोमवार को ईगुई निवासी वीरेंद्र पुत्र गोटीराम के चार साल के बेटे का दष्ठौन कार्यक्रम था। कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा के कलाकारों द्वारा गायन के साथ नृत्य की प्रस्तुति दी जा रही थी। आर्केस्ट्रा को देखने के लिए गांव के ऐसे लोग भी मौजूद थे, जिन्हें कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया था। सोमवार की रात लगभग 12.30 बजे वीरेंद्र के बहनोई भिंड निवासी दिलीप पटवा, जो मंच पर भी बैठा था, शराब के नशे में कट्टा निकाला और फायर कर दिया। कट्टे के नोक ऊपर उठती इससे पहले की फायर हो गया। गोली लगने से 17 वर्षीय अंकुश पुत्र हरिमोहन जाटव की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि देशराज उर्फ गजेंद्र व शत्रुघन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रैफर कर दिया गया था। बुधवार को घायल गजेंद्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बता दें कि गजेंद्र की कनपटी में गोली के छर्रे लगे थे।

आरोपी के नाते-रिश्तेदार भी फरार

थाना प्रभारी सत्येन्द्र गुर्जर ने बताया कि आरोपी कि गिरफ्तारी के लिए आरोपी के नाते रिश्तेदारों सहित संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। बुधवार को पुलिस ने ग्राम रूरई, चर्रऊआ,आलमपुर में दबिश दी। लेकिन सभी स्थानों पर ताले लगे मिले। वीरेंद्र के घर पर भी घटना के बाद से ताला लगा है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...