पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • थाने होंगे स्मार्ट, कैफेटेरिया जिम की सुविधा मिलेगी

थाने होंगे स्मार्ट, कैफेटेरिया-जिम की सुविधा मिलेगी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रदेश के पुलिस थानों को स्मार्ट थाने का लुक मिलेगा। ऐसा बहुत जल्द तो नहीं लेकिन सालभर बाद नजर आने लगेगा। स्मार्ट थानों में पुलिस कर्मचारियों के खानपान के लिए कैफेटेरिया से लेकर जिम व टेलीविजन की सुविधा मिलेगी। साथ ही पीड़ित लोगों के लिए ब्रीफिंग हॉल भी बनाए जाएंगे।

ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डवलपमेंट ने राज्यों को जारी रिपोर्ट में कहा है कि पुलिस थानों को ईको फ्रेंडली बनाने के लिए उन्हें स्मार्ट थाने के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए थानों मेें आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से कैफेटेरिया स्थापित किए जाएंगे। कैफेटेरिया में पुलिस कर्मचारियों के लिए उम्दा रेट पर खानपान की ताजी वस्तुएं उपलब्ध होंगी। 12 से 15 घंटे की ड्यूटी के बाद आराम के लिए थानों में रेस्ट रूम बनाए जाएंगे। रेस्ट रूम में पुलिस कर्मचारियों को रुकने व ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी।

ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डवलपमेंट की रिपोर्ट के बाद बदलेंगी थानों की व्यवस्थाएं

ई-तिजोरी में रखा जाएगा जब्त सामान

पुलिस में काम करने वाले कारिंदों के लिए फिटनेस एक अहम तथ्य होता है। हर पुलिस कर्मचारी व अधिकारी चाहता है कि वह पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त रहे। ऐसे में व्यायाम की सुविधा थाने में ही मुहैया हो उसके लिए स्मार्ट थानों में जिम की व्यवस्था भी होगी। ड्यूटी से समय मिलने के बाद पुलिस कर्मचारी जिम मेें व्यायाम कर खुद को फिट रख सकेंगे। एनआईए व सीबीआई की तरह स्मार्ट थाने में ई-तिजोरी होगी जिसमेें पुलिस जब्त सामान को रख सकेंगी लेकिन विस्फोटक सामान थाने से बाहर रखा जाएगा।

यह सुविधाएं भी रहेंगी

पुलिस कर्मचारियों के चेकअप के लिए स्मार्ट थाने में डाॅक्टर रूम उपलब्ध होगा। लॉकअप रूम से लेकर टॉयलेट की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टीआई से लेकर हवलदार तक के बैठने के लिए अलग-अलग कक्ष होंगे। सिपाही कॉमन रूम में बैठ सकेंगे। स्मार्ट थाने में कम्युनिटी पुलिस रूम भी होगा जिसमें आम लोगों की बात/समस्या को सुना जाएगा। पूछताछ और बयान लेने अलग कक्ष बनाया जाएगा।

खबरें और भी हैं...