कोमल कड़ेरा गैंग से करवाया था अपहरण, पांच को उम्रकैद
2007 में दतिया से हुआ था दो लोगों का अपहरण
भास्कर संवाददाता | दतिया
कुख्यात डकैत कोमल कड़ेरा के साथ मिलकर दो लोगों का अपहरण करने और फिरौती वसूलने के मामले में विशेष न्यायाधीश डकैती हितेंद्र द्विवेदी की न्यायालय ने मंगलवार को पांच आरोपी चंदू उर्फ चंद्रप्रकाश, सोनू उर्फ वीरेंद्र, गंगाराम, दयाराम एवं राकेश को आजीवन कारावास और दस-दस हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
शासन की ओर से पैरवीकर्ता अपर लोक अभियोजक पीएल सोनी ने बताया कि 16 अगस्त 2007 को रोहित अग्रवाल और ह्रदेश पुत्र बाबूसिंह निरंजन का कोमल कड़ेरा गैंग ने अपहरण किया था। फिरौती देकर छूटने के बाद अपह्तों ने बताया कि उनका अपहरण सोनू चौबे व चंदू चौबे ने डकैतों से करवाया था तथा फिरौती में हिस्सा भी लिया था। बताना होगा कि कोमल कड़ेरा पहले ही पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है।