ज्ञापन सौंपकर कहा-प्रेरकों को नियमित करो
साक्षरता संविदा प्रेरक मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन
भास्कर संवाददाता | दतिया
साक्षर भारत योजना के अंतर्गत जिले में कार्यरत प्रेरकों को संविदा की श्रेणी में रखकर नियमितीकरण किया जाए। यह मांग साक्षरता संविदा प्रेरक मोर्चा पदाधिकारियों ने मंगलवार को कलेक्टोरेट में मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर राकेश परमार को ज्ञापन सौंपते हुए कही। सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 29 सितंबर 2012 को एक विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इस विज्ञापन के अनुसार प्रदेश में संचालित साक्षर भारत योजना के अंतर्गत 42 जिलों में जिला प्रौढ़ शिक्षा कार्यालय के अंतर्गत पंचायत स्तर पर स्वीकृत प्रति पंचायत प्रौढ़ शिक्षा केंद्र स्थापित किए जाने हैं। ज्ञापन में बताया कि राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार के दायित्व बीएलओ, मन की बात का रेडियो प्रसारण, सूचना खिड़की, शौचालय का निर्माण एवं हितग्राही को शौचालय का उपयोग करने हेतु प्रेरित करने का जिम्मा, चुनाव में ड्यूटी कार्य, शासन की महत्वाकांक्षी योजना पीएम आवास आदि की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके बाद भी न तो मानदेय में वृद्धि की गई और न ही नियमितीकरण किया गया। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष नंदकिशोर अहिरवार, उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, नंदकुमार तिवारी, कुश दांगी, रंजना पाल, गनेशीलाल जाटव, नेहा, गंधर्व सिंह, कविता राजपूत, रचना, भारती आदि प्रेरक मौजूद रहे।