पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जनता पर दोहरी मार: शहर में तीन दिन से नहीं हुई सफाई, कई इलाकों में पानी सप्लाई भी ठप

जनता पर दोहरी मार: शहर में तीन दिन से नहीं हुई सफाई, कई इलाकों में पानी सप्लाई भी ठप

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बाजार में लगे कचरे के ढेर व दूसरे चित्र में हैंडपंप से पानी ढोते आनंद टॉकीज क्षेत्र में रहने वाले लोग।

दुकानदारों ने सड़क से खुद ही उठाकर फेंका कचरा

नपा सीएमओ एके दुबे ने सफाई कर्मचारियों के अचानक हड़ताल पर जाने के बाद नगरीय क्षेत्र के लोगों से भावनात्मक अपील की थी। उन्होंने कहा था सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं इसलिए सफाई व्यवस्था में सहयोग करें। कचरा बाहर न फेकें। सीएमओ की अपील का बुधवार को असर भी दिखा। बाजार में अधिकतर दुकानदारों ने दुकानों में झाड़ू नहीं लगाई। ताकि बाहर कचरा न फैले। यही नहीं जिन दुकानदारों ने सफाई की तो उन्होंने पॉलिथीन में कचरा भरकर बाहर फेंका। नपा सीएमओ ने बुधवार को शहर में मुनादी भी कराई।

दो वार्डांे में 10 दिन से नहीं आया पानी

मंगलवार रात अंगूरी बैराज पर स्थित मोटरपंप की रिले जल गई। जिससे मोटरपंप बंद हो गया और पानी की टंकियां नहीं भरी जा सकीं। बुधवार को सुबह जब रिले बदली गई तो पुराने फिल्टर प्लांट पर लगा ट्रांसफार्मर जल गया। जिससे पूरे शहर में पेयजल सप्लाई बंद रही। जबकि वार्ड क्रमांक 33 के बुंदेला कॉलोनी और वार्ड 10 के आनंद टॉकीज में पांच-छह दिन से पेयजल सप्लाई बंद है। बुंदेला कॉलोनी में लाइन क्रॉसिंग का कार्य होने के चलते छह दिन से सप्लाई शुरू नहीं हो सकी। इधर ट्रांसफार्मर जल गया। वहीं आनंद टॉकीज में सीवर लाइन की खुदाई के चलते पेयजल सप्लाई पांच दिन से नहीं हुई।

सफाई व पेयजल व्यवस्था को लेकर समाजसेवियों ने सौंपा ज्ञापन

शहर में पिछले तीन दिन से सफाई कार्य न होने को लेकर शहर के समाज सेवियों ने एक ज्ञापन बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि शहर में तीन दिन से सफाई नहीं हुई है। पेयजल सप्लाई भी ध्वस्त हो चुकी है। नपा लापरवाही कर रही है। नपा कर्मचारी भी साल में चार बार हड़ताल करते हैं, उन पर कार्रवाई नहीं की जाती है। ज्ञापन सौंपने वालों में समाजसेवी बलदेवराज बल्लू, राजू त्यागी, किशोर कुकरेजा, दिलीप गुप्ता, मनोज गोस्वामी, संतोष तिवारी, पुष्पेंद्र, महेश कुमार आदि शामिल रहे।

...तो ठेके पर सफाई कराएंगे

नियम विरुद्ध तरीके से सभी कर्मचारी हड़ताल पर गए हैं। हम गुरुवार तक वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं। अगर कर्मचारी हड़ताल से नहीं लौटे तो ठेके से सफाई कराएंगे। लोगों से भी अपील की है कि वे जब तक व्यवस्था नहीं हो जाती तब तक सफाई व्यवस्था में सहयोग करें। एके दुबे, सीएमओ, नपा दतिया

खबरें और भी हैं...