पहूज नदी पर रपटा बनाने की मांग, प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन
रपटा बनाने की मांग को लेकर प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपते कांग्रेसी।
भास्कर संवाददाता | दतिया
उनाव बालाजी पहूज नदी पर रपटा बनाने के लिए कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रदेश संयोजक भानु ठाकुर के नेतृत्व में प्रभारी मंत्री मायासिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि भांडेर अनुभाग के उनाव बालाजी धाम जो कि विश्व प्रसिद्ध है। जहां हर माह हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आते हैं। लेकिन पहूज नदी में फैली गंदगी के कारण लोगों को स्नान करने में काफी तकलीफ होती है। क्योंकि नगर के सारे नालों का पानी का निकास प्रशासन की लापरवाही की वजह से पहूज नदी में मिल रहा है।
उनाव पंचायत की 12 हजार आबादी होने के बावजूद भी एक भी श्मशान घाट एवं कब्रिस्तान नहीं है। जिसके कारण उनाव नदी में लोग घुसकर पार करते हैं। तब वह कब्रिस्तान और श्मशान घाट तक पहुंचते हैं। कस्बे के अधिकांश परिवारों की जमीन नदी के उस पार है। जिससे आवागमन के लिए कोई अन्य साधन नहीं है। लोगों को नदी तैर कर उस पार जाना पड़ता है। शासन व प्रशासन को पूर्व में भी पहूज पर रपटा बनाए जाने के लिए अवगत कराया जा चुका है। लेकिन अभी तक जनहित के इस कार्य में शासन प्रशासन की उदासीनता उनाव बालाजी धाम के लोगों के प्रति देखी जा रही है। जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। जल्द से जल्द पहूज नदी पर रपटा नहीं बनाया गया तो ग्रामवासी जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में अनुराग यादव, हरीश चौरसिया, आशीष पांडेय, दीपक सुमन, शिशुपाल सिंह यादव, चन्द्रपाल गौतम, दिलीप तिवारी, सनी चौरसिया, विनीत तिवारी, लकी यादव, अंकित पांडेय, संजीव दांगी, शिवचरन दांगी, राहुल दांगी, सनी चौरसिया, अरविंद दांगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।