सोहन के बस स्टैंड पर हैंडपंप तक नहीं यात्री पानी खरीदकर पीने को मजबूर
विधायक से भी हैंडपंप लगवाने की कई बार की मांग, नहीं हुई सुनवाई
भास्कर संवाददाता | खूजा
हाईवे रोड किनारे बसा ग्राम बस स्टैंड सोहन पर कई साल से यात्रियों के लिए पानी की कोई व्यवस्था नहीं है जिससे सोहन बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा कई दफा ग्राम पंचायत के सरपंच व विधायक को भी इस संबंध में शिकायत कर हैंडपंप लगवाए जाने की मांग की जा चुकी है। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
ग्राम सोहन बस स्टैंड से हर रोज करीब 15-20 यात्री बसें लहार, दतिया, झांसी, भांडेर, ग्वालियर, सेंवढ़ा, समथर, दबोह आदि स्थानों के लिए आती जाती हैं।
वहीं इस बस स्टैंड पर आस पास के ग्राम खानपुरा, चांदनी, पड़री कला, तालगांव आदि गांव के सैकड़ों यात्रियों का आना जाना रहता है। पानी की कोई व्यवस्था न होने के कारण यात्रियों को दुकानों से पानी खरीदना पड़ रहा है। प्रीतम सिंह कौरव विनोद खटीक राजेश सविता रामसिया सविता आदि का कहना है कि यहां बस स्टैंड पर हैंडपंप की व्यवस्था न होने से सैकड़ों यात्री परेशान हैं। यात्रियों को यहां सबसे ज्यादा पीने के पानी की दिक्कत आती है। जल्द ही ग्राम पंचायत को यहां पीने के पानी के लिए हैंडपंप को इंतजाम करना चाहिए ताकि लोगों को पानी की समस्या न आए। इसी प्रकार यात्री प्रतीक्षालय न बना होने से यात्री खुले आसमान तले बैठने को मजबूर हैं। जबकि कई बस स्टैंड पर यात्री प्रतीक्षालय की सुविधा है। लेकिन यहां आधा दर्जन से अधिक गांव के यात्रियों का जमघट लगा रहता है। फिर भी यहां पर प्रतीक्षालय की व्यवस्था नहीं है।