नाम प्राची कौरव। उम्र महज 24 साल। बुंदेला कॉलोनी में रहने वाली प्राची के नाम के चर्चे पूरे जिले में हो रहे हैं। गुरुवार शाम जब सिविल जज की परीक्षा का रिजल्ट आया तो उसमें दतिया की बेटी प्राची कौरव का नाम भी उत्तीर्ण लिस्ट में शामिल था। जैसे-जैसे खबर फैलती गई लोगों ने शुभकामनाएं देना शुरू कर दीं। बुंदेला कॉलोनी निवासी प्राची भांडेर बीआरसी रहे स्व. मुन्नालाल कौरव की पुत्री हैं। प्राची की मां ममता वर्तमान में माध्यमिक विद्यालय सिविल लाइन में शिक्षक हैं। जबकि बड़ा भाई राहुल प्रसाद कौरव ग्वालियर के प्रेस्टीज कॉलेज में प्रोफेसर हैं। छोटा भाई उपेंद्र भी सरकारी शिक्षक है। शुरुआती शिक्षा उन्होंने सरस्वती स्कूल में प्राप्त की। कक्षा छठवीं से 12वीं तक की पढ़ाई नवोदय विद्यालय में हुई। यहां से निकलने के बाद लॉ की पढ़ाई जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर और वहां से एलएलएम नेशनल लॉ कॉलेज भोपाल से किया। पहले प्रयास में ही प्राची सिविल जज की परीक्षा में उत्तीर्ण हो गईं।
प्राची कौरव
चाचा और चचेरे भाई से मार्गदर्शन लेकर की पढ़ाई
प्राची कलेक्टर बनना चाहती थीं। इसलिए उन्होंने पहले आईएएस की तैयारी करने का मन बनाया। लेकिन पिता मुन्नालाल ने कहा कि जज के सामने तो कलेक्टर भी खड़े हाेते हैं, इसलिए जज की पढ़ाई करो। बस यहीं से प्राची ने आईएएस की पढ़ाई छोड़कर सिविल जज की तैयारी शुरू कर दी। चाचा संतोष कुमार लहार में वकील हैं इसलिए उन्होंने भी प्राची को मार्गदर्शन दिया। सिहोर में जिला सांख्यिकी अधिकारी चचेरे भाई रोहित कौरव ने भी समय समय पर मार्गदर्शन दिया।