पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 25000 से अधिक किसानों को जून में मिलेगी खरीफ फसल की बीमा राशि

25000 से अधिक किसानों को जून में मिलेगी खरीफ फसल की बीमा राशि

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
खरीफ फसल का बीमा कराने के बाद 7 माह से फसल बीमा राशि का इंतजार कर रहे किसानों के लिए अच्छी खबर है। बीमा कंपनी ने जिले के लिए 50 करोड़ की राशि जारी कर दी है। यह राशि जून माह में वितरित की जाएगी। जिले के लगभग 25 हजार किसानों को इस राशि का लाभ मिलेगा। बता दें कि अभी किसानों को सूखा राहत राशि का वितरण किया जा चुका है। शेष रह गए किसानों के खातों में प्रशासन द्वारा राशि भेजी जा रही है। फसल बीमा की राशि और आ जाने से किसान समृद्ध होंगे। शहर के बाजारों में व्यापार भी बढ़ेगा।

बता दें कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन 2017 के दौरान जिले के लगभग 40 हजार किसानों ने अपनी फसलों की बीमा कराया था। जिले में उड़द व मूंगफली की लगभग 83 हजार हेक्टेयर फसलों का बीमा किया गया था। कम बारिश के कारण फसलें बर्बाद हो गई। स्थानीय प्रशासन द्वारा समय से बीमा कंपनी को फसलें खराब होने की सूचना सहित सर्वे रिपोर्ट सौंप दी थी। बीमा कंपनी ने किसानों को अंतरिम राहत देते हुए 4 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी थी। बावजूद इसके किसानों को फसल बीमा की राशि नहीं मिल सकी थी।

किसानों को दोहरी खुशी, पहले सूखा राहत मिली, अब मिलेगी बीमा की राशि

ग्राम कालीपुरा में पिछले साल सूखा पड़ने की वजह से किसानों ने उड़द की फसल खेतों में ही पशुओं को चरा दी थी। (फाइल फोटो)

फसल बीमा मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे किसान

बीमा राशि को लेकर कोई अधिकारी अशंदान की राशि जमा न होने से राशि का वितरण नहीं हो पाने की बात कह रहा था तो कोई भावांतर में जमा कर मंडियों में उड़द आने पर कंपनी के न्यायालय में पहुंचने की बात कह रहा था। इन चर्चाओं के बीच किसानों को राशि का इंतजार था। राशि नहीं आने से किसानों ने भी फसल बीमा राशि मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी।

सामान्य से 61 फीसदी कम हुई थी बारिश

बता दें कि जिले की औसत बारिश 870.8 मिमी है। वर्ष 2017 में 531.3 मिमी बारिश हो सकी थी। यह औसत बारिश की 61 प्रतिशत है। कम बारिश के कारण जिले में गतवर्ष की तुलना में खरीफ फसल का रकबा कम हो गया था। बारिश न होने के कारण जिन किसानों ने भी फसल बोई वे फसलें थ्रेसिंग करके अपने घर नहीं ले जा सके। खेत में ही फसलें सूख गईं

सीधे किसानों के खातों में पहुंचेगी राशि

बीमा कंपनी द्वारा जून माह में बीमा राशि का वितरण शुरू किया जाएगा। कंपनी सीधे किसानों के खातों में राशि का वितरण करेगी। ऐसे उन सभी किसानों को बीमा राशि दी जाएगी। जिन्होंने फसल बीमा के बाद प्रीमियम का भुगतान किया है। प्रीमियम के भुगतान से वंचित रह गए किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

50 करोड़ रुपए की राशि मिली

खरीफ फसल के बीमा की 50 करोड़ रुपए की राशि बीमा कंपनी के स्थानीय ऑफिस में आ चुकी है। जून माह में राशि का वितरण किया जाएगा। किसानों के खातों में राशि सीधी भेजी जाएगी। ओम प्रकाश एंडेले, लीड बैंक मैनेजर, दतिया

तीनाें विकासखंडों के 40 हजार किसानों ने कराया था फसल बीमा

दतिया जिले के तीनों विकासखंडों के 40 हजार 809 किसानों ने फसलों का बीमा कराया था। कुल 83 हजार 332.68 हेक्टेयर जमीन का बीमा हुआ था। खरीफ फसल के तहत उड़द व मूंगफली की फसलों का बीमा 37 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर के मान से किया गया था। शासन ने शत प्रतिशत नुकसान की रिपोर्ट दी है। ऐसे में किसानों को 80 प्रतिशत भुगतान होगा। यानि अगर किसी किसान ने एक हेक्टेयर में उड़द या मूंगफली की फसल की बोवनी की थी तो ऐसे किसान को फसल बीमा के रूप में लगभग 29 हजार 600 रुपए का भुगतान किया जाएगा ।

खबरें और भी हैं...