दतिया |वेतन की मांग को लेकर शनिवार से शुरू हुई मप्र 108 एंबुलेंस संघ की हड़ताल रविवार को दूसरे दिन भी जारी रही। हालांकि एक एंबुलेंस इमरजेंसी के लिए चालू रखी गई ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। बांकी सभी गाडिय़ां अपने-अपने चिन्हित स्थानों पर ही खड़ी रहीं। 108 एंबुलेंस संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर नामदेव ने बताया कि पिछले दो महीने से 108 कर्मचारियों का वेतन बैंक खाते में नहीं डाला गया। वेतन के नाम पर हर बार तीन-तीन सौ रुपए डाल दिए जाते हैं। अब तीन-तीन सौ रुपए में परिवार का भरण पोषण कैसे होगा। इतनी तो एक दिन की मजदूरी भी नहीं है। इसलिए जब तक वेतन नहीं बढ़ाया जाएगा, सभी कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि 108 एंबुलेंस को गंभीर मरीजों के लिए हड़ताल के दौरान भी चलाया जा रहा है।