जिले के उत्कृष्ट विद्यालय में होगी काउंसिलिंग
भास्कर संवाददाता | दतिया
इंटर के बाद विद्यार्थी किस कोर्स में प्रवेश लें किस में भविष्य अच्छा रहेगा। यह तय नहीं कर पाते थे। अब यह कॅरियर काउंसिलिंग के तहत तय किया जाएगा। जिले के उत्कृष्ट विद्यालय में 21 मई सोमवार से काउंसिलिंग होगी। बच्चों की दुविधा का समाधान करने के साथ उनका सही कोर्स चयन में विषय विशेषज्ञों द्वारा मदद की जाएगी।
काउंसलिंग के लिए तीन चरण तय किए गए है। पहले चरण में 21 मई से 31 मई तक हायर सेकंडरी वार्षिक परीक्षा में 70 प्रतिशत या इससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों की काउंसिलिंग होगी। दूसरे चरण में हायर सेकंडरी परीक्षा में 70 फीसदी से कम अंक लाने वाले विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। यह चरण 4 से 14 जून तक चलेगा। अंतिम चरण 18 से 28 जून तक होगा। इसमें हाई स्कूल की परीक्षा पास कर चुके छात्र-छात्राओं के साथ ऐसे परीक्षार्थियों को शामिल किया जाएगा जो कक्षा 11वीं या 12वीं में फेल हो गए। उन्हें पढ़ाई के टिप्स दिए जाएंगे।