दूसरे दिन भी सामूहिक अवकाश पर रहे कर्मचारी, सौंपा ज्ञापन
दतिया | मप्र लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ समेत तमाम संगठनों की दो दिवसीय हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। सामूहिक अवकाश के अंतिम दिन कर्मचारियों ने जिलाध्यक्ष रविदत्त त्रिपाठी के नेतृत्व में 15 सूत्रीय ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में लिपिकों की ग्रेड पे उन्नयन कर कम्प्यूटर ऑपरेटरों के बराबर की जाए, रमेशचंद्र शर्मा समिति की लंबित 23 अनुशंसाएं तुरंत लागू की जाएं, लोक निर्माण, जल संसाधन, पीएचई, वन विभाग के लिपिकों को बिना किसी शर्त के समयमान दिया जाए, लेखापाल की विसंगति एक जनवरी 1996 से दूर की जाए। नियमों की विसंगति के कारण हो रही रिकव्हरी तत्काल बंद की जाए, अंशकालीन लिपिकों और अंशकालीन भृत्यों को अंशकालीन शिक्षकों की तरह नियमित किया जाए, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की वृत्तिकर से पूर्णत: छूट दी जाए, भृत्य का पदनाम परिवर्तित कर कार्यालय सहायक किया जाए, रमेशचंद्र शर्मा समिति की अनुशंसाओं एवं लिपिकों की ग्रेड पे में उन्नयन का लाभ नगर पालिका, नगर निगम, कृषि उपज मंडी के लिपिकों को भी दिया जाए।