इसी सप्ताह शुरू होगा रिंग रोड का काम, 6 माह में बनेगी
दतिया शहर के अति महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट रिंग रोड का निर्माण इसी सप्ताह शुरू होने जा रहा है। लगभग साढ़े तीन किमी लंबी रिंग रोड का निर्माण छह महीने के अंदर पूरा हो जाएगा। नगर पालिका ने रिंग रोड बनाने के लिए सिंह ब्रदर्स को ठेका दिया है। रिंग रोड बन जाने से ट्रैफिक जाम की सबसे बड़ी समस्या खत्म होगी। दिन में कई बार ट्रैफिक जाम का सामना करने वाले लोग रिंग रोड से सीधे गंतव्य पर पहुंच सकेंगे। इससे बाजार में भी भीड़ भाड़ कम होगी। बता दें कि जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने विकास की गति में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए अक्टूबर 2014 में रिंग रोड निर्माण का भूमिपूजन किया गया। शुरुआत में सैंपल के रूप में साढ़े तीन करोड़ की लागत से साढ़े तीन सौ मीटर रोड बनाई जाना थी। एमपीआरडीसी द्वारा निर्माण किया जा रहा था। तीन साल तक मामला पैसों के अभाव में अटका रहा। अक्टूबर 2017 में सड़क निर्माण के लिए शासन से 1 करोड़ की राशि मिली। निर्माण शुरू हो पाता इससे पहले इसके निर्माण पर निर्दलीय पार्षद रामकुमार गुप्ता ने हाईकोर्ट से स्टे ले लिया। छह महीने तक स्टे लगी रही। स्टे हटने के बाद साढ़े तीन सौ मीटर का निर्माण पिछले महीने पूरा हो गया। मात्र साढ़े तीन सौ मीटर की सड़क बनने के बाद पूरे रिंग रोड पर सड़क बनने की मांग उठने लगी। जिसके चलते नगर पालिका ने पूरे साढ़े तीन किमी लंबे रिंग रोड के निर्माण के लिए टैंडर बुलाए। टेंडर सिंह ब्रदर्स ने लिया और उनका एग्रीमेंट भी हो गया।
नपा सीएमओ एके दुबे ने बताया कि रिंग रोड का एग्रीमेंट हो चुका है। दो-चार दिन में ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
राहत
12 करोड़ की लागत से बनेगी साढ़े तीन किमी लंबी रिंग रोड, खत्म होगी ट्रैफिक जाम की समस्या
अक्टूबर में बन जाएगी
रिंग रोड का निर्माण नगर पालिका द्वारा कराया जा रहा है। जिस कंपनी का ठेका हुआ है उसका एग्रीमेंट हो चुका है और छह महीने की समय सीमा निर्धारित की गई है। एक सप्ताह के अंदर ही ठेकेदार को निर्माण कार्य शुरू करना है। सितंबर अथवा अक्टूबर तक पूरी रिंग रोड बनकर तैयार हो जाएगी। रिंग रोड बन जाने से पूरा शहर बदला बदला सा लगेगा। अभी शहर बहुत ज्यादा कंजस्टेड लगता है। रोड बनने से शहर की खूबसूरती भी काफी बढ जाएगी।
रिंग रोड से यह फायदा
रिंग रोड के निर्माण के लिए राजगढ़ फाटक से वीर सिंह पैलेस तक रर की तुड़ाई का कार्य पूरा हो चुका है। मलवा भी उठ चुका है। अब केवल निर्माण कार्य होना है। रिंग रोड बन जाने से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि जिन लोगों को राजगढ़ फाटक से सीधे जिला अस्पताल, कॉलेज, ठंडी सड़क, सब्जी मंडी, मीट मार्केट, किलाचौक आदि जगह जाना है वे राजगढ़ फाटक से रिंग रोड से वहां पहुंचेंगे। उन्हें बाजार में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं होगी।