बैठक में नहीं आने पर नप आयुक्त व उप निदेशक को नोटिस
कलेक्टर नरेश कुमार शर्मा ने राजस्थान संपर्क पोर्टल व मुख्यमंत्री हेल्प लाइन पर दर्ज प्रकरणों का समय पर निस्तारण नहीं होने पर नाराजगी जताई।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभा भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी प्रतिदिन पोर्टल पर बकाया प्रकरणों की समीक्षा करें तथा एल वन से समीक्षात्मक रिपोर्ट तैयार कर तय समय में ही अपलोड करें ताकि पीड़ित को शीघ्र न्याय मिल सके। इस दौरान बैठक में उपस्थित नहीं होने पर उप निदेशक महिला एवं बाल विकास, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व आयुक्त नगर परिषद को कारण बताओ नोटिस जारी करने लिए प्रभारी अधिकारी को निर्देश दिए हैं।
गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई : जिला परिषद के सीईओ राजेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी ने कहा की सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समय पर अपने दायित्वों का पालन करें। बकाया प्रकरणों की हर सोमवार को समीक्षा करना जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ई-मित्र का आकस्मिक निरीक्षण कर गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेंगे।