नगर परिषद उपसभापति व भाजपा जिला महामंत्री सहित 17 जनों के खिलाफ केस
दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान शहर में रैली निकालने से रोकने, मारपीट करने व जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाते हुए एक जने ने नगर परिषद के उपसभापति सहित 17 नामजद व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इंद्रा कॉलोनी निवासी अशोक कुमार पुत्र कानाराम बैरवा ने नगर परिषद के उपसभापति वीरेंद्र कुमार शर्मा, भाजपा के जिला महामंत्री आलोक जैन, सर्व ब्राह्मण महासभा के पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषभ शर्मा, सर्व ब्राह्मण महासभा युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष महावीर उपाध्याय, महेश आनंद, रामबाबू, कैलाशचंद, अनिल, कृष्ण, महेंद्र कुमार, सीताराम, विकास, हितेश, राकेश, शाहरा, शीतल व अश्वनी सहित 20-25 अन्य के खिलाफ इस्तगासे के जरिए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अशोक कुमार ने बताया कि आरोपितों ने 2 अप्रैल को गांधी तिराहे के समीप उनको रैली निकालने से रोका, मारपीट की तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। इसकी जांच डीएसपी जीव प्रकाश जोशी कर रहे हैं।