रामसर-टोडाठेकला में अग्निकांड, लाखों का नुकसान
लालसोट | अज्ञात कारणों के चलते रामसर ग्राम में दो झोपड़े जलकर खाक हो गए। कल्याण माली, नानगराम माली, रामसर के यहां लगी आग से झोपड़े धू-धू कर जल उठे। झोपड़ी में रखा खाने-पीने, ओढ़ने-बिछाने, मोटरसाइकिल, 15000 नकद, सोफा, पलंग, शादी विवाह का सामान, कूलर, कपड़े, गेहूं की बोरियां सहित अन्य सामान खाक हो गया। अग्निकांड को लेकर ढाणी में कोहराम मचा रहा। अशोक मीणा ने बताया कि घटना में 3 लाख का नुकसान होने का अंदेशा है। सूचना पर सरपंच पुष्पा देवी मीणा, अशोक मीणा सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
सिलेंडर हुआ लीकेज, लगी आग, डेढ़ लाख का नुकसान : उपखंड के टोडा ठेकला ग्राम में चाय पानी तथा परचूनी की दुकान में रखे सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई। सरपंच रामकिशन डोई ने बताया कि राधेश्याम की दुकान में आग लग जाने से मौके पर भगदड़ के हालात रहे। घटना की पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची तथा भभकते हुए सिलेंडर को गीले कपड़े से ढक कर बुझाया। उन्होंने बताया कि डेढ़ लाख का सामान खाक हो गया।