अंडरग्राउंड केबल खराब, रातभर बंद रही कई कॉलोनियों की बिजली
दौसा | शहर में बाबाजी की छावनी कॉलोनी में बुधवार रात को अंडरग्राउंड केबल खराब होने से रात भर बिजली बंद रही। इसके चलते गर्मी में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
रात करीब 8 बजे केबल खराब हो गई। इससे कॉलोनी की बिजली बंद हो गई। पता चलने पर बिजलीकर्मी मौके पर पहुंचे। नई केबल नहीं होने के कारण बिजलीकर्मियों ने पुरानी केबल लगा दी। कुछ देर बाद केबल जल गई। इससे कॉलोनी में रात भर बिजली बंद रही। इसके चलते गर्मी में लोग परेशान रहे। लोग निगम कार्यालय में फोन करते रहे। गुरुवार को बिजलीकर्मियों ने पोल पर केबल लगाई। तब जाकर दोपहर बाद बिजली सप्लाई चालू हो सकी। इधर विकास कॉलोनी में बुधवार रात को केबल जल गई। बिजलीकर्मियों ने पुरानी केबल लगा दी। यह केबल फिर जल गई। इससे कई मकानों की बिजली रात भर बंद रही। गुरुवार सुबह विकास कॉलोनी की बिजली फिर बंद हो गई। जो दोपहर में चालू हो सकी। निगम कार्यालय में नई केबल नहीं है। इसके चलते पुरानी केबल लगाई जा रही है। जो बार-बार जल जाती है।