ग्रीष्मकालीन शिक्षक प्रशिक्षण आवासीय शिविर सोमवार से शुरू होंगे। दौसा ब्लॉक के तीन चरण में शिविर नांगल बैरसी रोड स्थित फ्रेम इंटरनेशनल स्कूल में चलेंगे। पहले चरण में 21 से 26 मई तक हिंदी-पर्यावरण विषय के 2 बैच में 80 और अंग्रेजी-गणित के 1 बैच में 40 शिक्षक प्रशिक्षण लेंगे। दौसा ब्लॉक में तीन चरण में 376 शिक्षक प्रशिक्षण के लिए पंजीकृत हैं। जिले में 3021 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
दौसा बीईईओ बृजमोहन गुप्ता ने बताया कि शिक्षक प्रशिक्षण शिविर की सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा परिषद की ओर से प्रशिक्षण के संबंध में पीरियड वाइज कार्यक्रम जारी किया है। उसके हिसाब से ही प्रशिक्षण दिया जाएगा। सबसे पहले सुबह 7 से 8 बजे के बीच बायोमैट्रिक मशीन से शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी। इसके बाद 9 बजे तक अल्पाहार और फिर प्रार्थना सत्र होगा।
सुबह 9:45 बजे से पहला सत्र शुरू होगा, जो दोपहर 1 बजे तक चलेगा। फिर 1 बजे से लंच होगा। लंच के बाद शाम 6 बजे तक अकादमिक सत्र चलेगा। इसके बाद योग व अन्य गतिविधिया होंगी और रात आठ बजे बाद खाना हाेगा। शिक्षकों के खाने-पीने और आवास की 24 घंटे व्यवस्था शिविर स्थल पर ही रहेगी। दूसरी ओर लवाण ब्लॉक के शिविर भारतीय बीएड कालेज बड़गांव में चलेंगे, जहां कुल 297 शिक्षक प्रशिक्षण लेंगे।