परीक्षा देने आई एक नाबालिग से दो जनों ने अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में नाबालिग के पिता ने आरोपितों के खिलाफ महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपितों में एक जने ने गुरुवार शाम को ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
नाबालिग 16 मई को पिता व भाई के साथ परीक्षा देने दौसा आई थी। पिता ने उसको महिला पीजी कॉलेज में छोड़ दिया। इसके बाद पिता बेटे को बस में बैठाने के लिए स्टैंड पर आ गया। इस बीच नाबालिग पैन लेने के लिए पिता के पास गेट पर आई। इस दौरान धर्मराज मीणा व संजीव उर्फ संजू मीणा निवासी बागपुरा उसको मोटर साइकिल पर बैठाकर रेलवे स्टेशन पर ले गए। आरोपित नाबालिग को ट्रेन से जयपुर ले गए। बाद में उसको ट्रेन से कोटा ले गए। दोनों ने कोटा में होटल में नाबालिग से दुष्कर्म किया। आरोपित गुरुवार को नाबालिग को दौसा ले आए तथा सिंगवाड़ा रोड पर गेस्ट हाउस में उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद जयपुर रोड बाइपास तिराहे के पास पुलिस को देखकर आरोपित भाग गए।
पुलिस नाबालिग को ले आई। पुलिस के अनुसार धर्मराज व संजू 13 मई को भी नाबालिग को भांडारेज मोड़ के पास ले गए। वहां धर्मराज, संजीव व राजाराम ने उससे दुष्कर्म किया था। इनमें एक आरोपित संजीव मीणा ने गुरुवार शाम को लालसोट रोड बाइपास के समीप ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। थानाधिकारी मांगीलाल मीणा ने बताया कि नाबालिग के पिता ने तीनों आरोपितों के खिलाफ उसकी पुत्री का अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की जांच एससी एसटी सेल के डीएसपी कर रहे हैं।