रमजान के पहले दिन शुक्रवार को अकीदतमंदों ने रोजा रखा तथा मस्जिदों में तरावीह के पाठ किए। पहले जुम्मे पर मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ रही। जामा मस्जिद, पुरानी ईदगाह, शाह जमाल की दरगाह, नागौरी मोहल्ला, शेखान मोहल्ला, हकीम जी वाली मस्जिद, किला सागर, बेलियान, स्टेशन वाली मस्जिद एवं हकीमुद्दीन शाह की दरगाह वाली मस्जिद में लोगों ने नमाज अदा की। इससे पूर्व रमजान शुरू होने पर रोजेदारों की दिनचर्या सुबह 3 बजे से ही शुरू हो गई। सुबह 4 बजे सहरी के बाद रोजेदारों ने शाम को इफ्तार किया। मुस्लिम मोहल्लों में सुबह 2 बजे से ही दुकानें खुल गई तथा चहल पहल शुरू हो गई। लोगों ने सहरी के लिए सामान की खरीदारी की।
मस्जिदों में की इबादत
लालसोट |उपखंड मुख्यालय पर रमजान का पर्व शुरू होने के साथ ही मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा रोजे रखे गए तथा रोजेदारों द्वारा मस्जिदों में पांचों टाइम की नमाज अदा कर इबादत की । क्षेत्र में अमन-चैन खुशहाली की प्रार्थना की।
इधर दूसरी तरफ जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला खा ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर रमजान के पवित्र महीने में बिजली की आपूर्ति नियमित बनाए रखने की मांग की और कहा कि बिजली की अघोषित कटौती के कारण रोजेदारों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है । वहीं दूसरी तरफ ग्राम पंचायत चांदसेन में मेडा पहाड़ की तलहटी में बसे मुस्लिम आबादी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने की भी मांग की है।