पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अब 1 जुलाई 17 के बाद नियुक्त शिक्षक नहीं किए जाएंगे प्रशिक्षण में शामिल

अब 1 जुलाई-17 के बाद नियुक्त शिक्षक नहीं किए जाएंगे प्रशिक्षण में शामिल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दौसा | ग्रीष्मकालीन शिक्षण प्रशिक्षण आवासीय शिविरों के संबंध में गुरुवार देर शाम फिर नई गाइड लाइन जारी की गई। अब 1 जुलाई 2017 के बाद नियुक्त शिक्षकों को प्रशिक्षण शिविर में शामिल नहीं किया जाएगा, जबकि पहले नवनियुक्त शिक्षकों को प्रशिक्षण में शामिल करने के आदेश दिए गए थे।

राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा परिषद के आयुक्त प्रशिक्षण डॉ. प्रिया बलराम शर्मा द्वारा जारी नई गाइड लाइन के अनुसार 1 जनवरी से 30 जून 2017 तक नियुक्त शिक्षकों को प्रशिक्षण में प्राथमिकता दी जागी। यानी पहले इस अवधि में नियुक्त शिक्षकों को प्रशिक्षण में शामिल किया जाएगा।

शिक्षा अधिकारियों को नए सिरे से शिक्षकों की सूची तैयारी करनी पड़ेगी, जिन्हें प्रशिक्षण देना है। प्रशिक्षण शिविर 21 मई से 16 जून तक चलेंगे, जिसमें प्रत्येक चरण 6-6 दिन का होगा

शिक्षकों का टारगेट

प्रशिक्षण शिविर के संबंध में जारी नई गाइड लाइन के अनुसार अब 3021 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि पहले 3018 का टारगेट था। अब 3021 के टारगेट में 725 सेकंडरी और 2296 प्राइमरी के शिक्षक हैं, जिन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इन्हें मिलेगी राहत

आयुक्त प्रशिक्षण डॉ. शर्मा की ओर से जारी आदेशों के अनुसार 6 माह से अधिक एवं 3 वर्ष तक के बच्चों की माताओं को प्रशिक्षण तो लेना होगा, लेकिन रात में ठहरने से छूट दी गई है। यानी ऐसी शिक्षिकाओं के लिए शिविर गैरआवासीय जैसा होगा। दूसरी ओर 1 जुलाई 2017 के बाद नियुक्त शिक्षकों को प्रशिक्षण में शामिल नहीं किया जाएगा, लेकिन उन्हें बाद में इंडक्शन प्रशिक्षण में शामिल किया जाएगा।

गाइड लाइन के अनुसार प्रशिक्षण दिलाएंगे

नई गाइड लाइन के अनुसार लेवल-1 के शिक्षकों को प्रशिक्षण में पहली प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद ऐसे शिक्षक जो लेवल-2 व प्रबोधक लेवल-2 हैं, लेकिन लेवल-1 के पद के विरुद्ध कार्यरत हैं। उन्हें प्रशिक्षण में शामिल किया जाएगा। इसी प्रकार प्रबोधक लेवल-1, ट्रेनी टीचर, कला शिक्षक, विशेष शिक्षक, शिक्षाकर्मी, वरिष्ठ शिक्षाकर्मी, अतिरिक्त वरिष्ठ शिक्षा कर्मी, पैराटीचर, महिला पैरा टीचर को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। -अशोक शर्मा, एडीपीसी एसएसए

खबरें और भी हैं...