प्रशासन ने रुकवाए दो बाल विवाह, परिजनों को किया पाबंद
कामां| अक्षय तृतीया पर कामां उपखंड के गांव सबलाना में होने वाले दो नाबालिग बालिकाओं के बाल विवाह को पुलिस व प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर रुकवा दिया। इसके साथ ही प्रशासन ने परिजनों को नाबालिगों की शादी नहीं करने के लिए पाबंद किया। कामां तहसीलदार भगवतशरण त्यागी ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव सबलाना में रामवीर पुत्र कालूराम गुर्जर ने अपनी दो पुत्रियों 15 वर्षीय प्रीति व 12 वर्षीय अनीता की शादी डीग तहसील के धमारी मे तय की थी। जिसकी बुधवार को बारात आनी थी। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों नाबालिग बालिकाओं का बाल विवाह रुकवा दिया गया है और परिजनों को बाल विवाह न करने के लिए पाबंद कर दिया गया है। साथ ही मौके पर हल्का पटवारी, ग्राम सचिव को तैनात किया हुआ है। पुलिस ने भी मौके पर जा कर परिवार के सदस्यों को पाबंद करने की कार्रवाई पूरी की है।