डीग की जड़खोर गोशाला से आॅर्गेनिक खाद खरीदेगी सरकार, तय होंगे रेट
डीग | डीग के पहलवाड़ा स्थित श्री ब्रज कामद सुरभि वन एवं शोध संस्थान जड़खोर गोधाम के दिन अब फिरेंगे। 24 फरवरी को प्रदेश की मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान गोशाला प्रबंधन द्वारा बताई गई आर्थिक व मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए जिला कलेक्टर भरतपुर एनके गुप्ता जिला स्तरीय व डीग उपखण्ड के सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों के साथ गोशाला पहुंचकर प्रत्येक बिंदु पर गहन मंथन किया। इस दौरान तय हुआ कि गौशाला में देशी गाय की बनने वाली आॅर्गेनिक खाद की खरीद राज्य सरकार करेगी।
इसके लिए कृषि निदेशालय द्वारा जल्द ही सरकारी रेट तय कर दी जाएगी जिसकी प्रक्रिया तेजी के साथ शुरू कर दी है। इसके बाद खरीद हो सकेगी। कृषि विभाग द्वारा इसके लिए राज्य भर में होने वाली एक्जिबिशन में प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। गौशाला के प्रबंधक मनोज शर्मा ने बताया कि जिले की प्रमुख इस गौशाला में करीब आठ हजार गायों का पालन होता है इसमें देशी गाय के मूत्र व गोबर से तैयार आर्गेनिक खाद के अच्छे परिणाम को देखते हुए सरकारी लैब से प्रमाणित होने के बाद कृषि पंत भवन जयपुर के आयुक्त को पत्र भेजा है इसमें शीघ्र ही सरकारी दर तय होने के बाद सरकारी स्तर पर खरीद होगी। बैठक में जिला कलेक्टर एनके गुप्ता समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।