डीग कुम्हेर विधायक महाराजा विश्वेन्द्रसिंह ने तूफान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया एवं वहां के लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने केन्द्र व राज्य सरकार से पीड़ितों के लिए मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। सिंह ने क्षेत्र के गांव उटारदा, खुर्रमपुर, नूरपुर, सरसैना, भूतौली, बढ़ा आदि गांवों के लोगों से हालात जाने और अंधड़ एवं ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया।
डीग-कुम्हेर विधायक विश्वेन्द्रसिंह की ग्रामीणों की पीड़ा सुनकर एवं आमजन के हुए नुकसान को देखकर आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि अंधड़ ने जिले में काफी तबाही मचाई है वहीं अनेक लोगों की मौत भी हुई। उन्होंने कहा कि सरकार को मृतक के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपए एवं परिवार के एक सदस्य को नौकरी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज क्षेत्र में लोग बिजली-पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। प्रशासन धीमी गति से कार्य कर रहा है। प्रशासन को पहले आमजन की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर महाराजा सूरजमल विकास मंच के अध्यक्ष राजवीर सरसैना, डाॅ धर्मवीर देशवाल, सुरेशसिंह, केशवसिंह, सूरजभानसिंह, वीरेन्द्रसिंह, दुर्गेशसिंह, हाकिमसिंह, पुष्पेन्द्रसिंह, केशवसिंह, खेमचंद, दयाराम, नन्नू पटैल सहित सभी गणमान्य लोग मौजूद थे। महाराज विश्वेन्द्रसिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसान और मजदूर विरोधी है। भाजपा नेताओं को आमजन की कोई भी चिंता नहीं है। उन्हें केवल हाईकमान को खुश करने एवं गुलामी कर अपना पद बचाने की चिंता रहती है। नदबई क्षेत्र सहित कई तहसीलों के क्षेत्रों में तूफान एवं ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ है। जिसकी रिपोर्ट अभी तक उच्च अधिकारियों को नहीं भेजी है। उन्होंने कहा कि आपदा पीड़ित परिवारों की मदद के लिए वे हर समय तैयार हैं क्योंकि उन्हें जिले की जनता से लगाव है।
डीग-कुम्हेर विधायक ने नदबई क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों का किया दौरा, पीड़ितों से मिलकर विधायक की आंखें हुईं नम
नदबई. ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीग-कुम्हेर विधायक विश्वेन्द्रसिंह।
चंबल का बाणगंगा नदी से हो मिलान-
डीग कुम्हेर विधायक विश्वेन्द्रसिंह ने कहा कि जिले में सिंचाई एवं पेयजल की समस्या है। इसके लिए बाणगंगा नदी, रूपारेल, गम्भीर, पार्वती नदी को चंबल नदी से मिलान किया जाए तो क्षेत्र में पेयजल संबंधित एवं सिंचाई संबंधित समस्या का स्थाई निराकरण हो सकेगा।