हथियार दिखाकर नकदी और मोबाइल लूट ले गए बदमाश
डीग/भरतपुर | मोबाइल पर शादी में ईवेंट नाइट कराने के बहाने बुलाकर आधा दर्जन लोग कट्टे की नोंक पर कार में सवार दो जनों से नकदी, मोबाइल व अन्य कागजात छीन कर ले गए। पीड़ितों ने शुक्रवार को थाना खोह में दर्ज कराई है। एएसआई यादराम के अनुसार मन्नू पुत्र अनिल वैश्य निवासी जवाहर नगर भरतपुर ने रिपोर्ट में बताया है कि उसके दोस्त घनश्याम महावर निवासी सैनी काॅलोनी जयपुर को मोबाइल नं 9540518202 से लगातार फोन आ रहे थे कि हमें शादी में ईवेन्ट नाइट करानी है। इसके बाद 11 अप्रैल कार्यक्रम सैट करने का झांसा देकर गांव नरैनाचौथ के पास बुलाया। दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी निजी कार से जब पास्ता-भीलमका मोड पर पहुंचे तो दो बाइकों पर आए 6 बदमाशों ने उन्हें कट्टा दिखाकर कार से बाहर खींच लिया तथा उसकी जेब से 6 हजार 500 रुपए, आधार, एटीएम, पेनकार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, कॉलेज आईडी व दोनों के मोबाइल छीनकर ले गए।