रेलवे स्टेशन पर जर्जर संपर्क सड़क, पीने का पानी, बिजली व शौचालय आदि समस्याओं को लेकर सोमवार को भाजयुमो के शहर अध्यक्ष गिरीश शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन कर स्टेशन मास्टर को ज्ञापन दिया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि संपर्क सड़क का पुर्ननिर्माण नहीं करवाया गया तो भाजयुमो द्वारा 1 जून से अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया है कि डीग रेलवे स्टेशन को डीग- कामां रोड से जोड़ने वाली करीब 500 मीटर लंबी संपर्क सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जिन पर बने गड्ढ़ों में फंसकर आए दिन वाहन दुर्घटना ग्रस्त हो रहे है व यात्रियों का पैदल निकलना मुश्किल हो रहा है। रेलवे स्टेशन पर भीषण गर्मी में पीने के पानी की कोई माकूल व्यवस्था नहीं है। कस्बे के एक भामाशाह द्वारा रेलवे स्टेशन पर लगवाया गया वाटर कूलर रेलवे की लापरवाही से गत दो वर्षों से बंद पड़ा है। रेलवे द्वारा बनवाई गई पानी की टंकी के पास इतनी गंदगी है कि वहां लोग पानी पीने से कतराते है। रेलवेस्टेशन पर बने शौचालयों में पानी की व्यवस्था ना होने के कारण वे कई वर्षों से गंदगी से अटे पड़े है। प्रदर्शन में सुरेश शर्मा, डोरी लाल तिवारी, नारायण सैनी, अशोक, बलवीर सैनी, राम नाहरोली, चंद्रशेखर, भगवान बंसल, हरदेश, यश आदि शामिल थे।
डीग.प्रदर्शन करते भाजयुमो कार्यकर्ता।