कामां |डीग मार्ग पर रविवार की देर रात रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट एक अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही टवेरा गाड़ी मे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टवेरा गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया।
घायल टवेरा चालक कस्बा निवासी अजय पुत्र चरण सिंह बघेल को कामां अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। कामां थानाधिकारी नेकीराम चौधरी ने बताया कि देर रात्रि को कामां कस्बा के भूमिया बुर्ज निवासी अजय पुत्र चरण सिंह बघेल टवेरा गाड़ी लेकर कामां की ओर आ रहा था। तभी उसकी गाड़ी को कामां की ओर से डीग जा रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर से टवेरा गाड़ी का मौके पर ही सामान टूट कर बिखर गया। हादसे में टवेरा चालक कस्बा निवासी अजय बघेल गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसने बाद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद टवेरा के सड़क पर बिखरे सामान के कारण कामां भरतपुर मार्ग कुछ देर के लिए अवरूद्ध हो गया। मौके पर पहुंची कामां थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त टवेरा को सड़क से हटवा कर जाम खुलवाया। मृतक अजय बघेल का शव सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस घटना का मामला दर्ज कर फरार हुए ट्रक व चालक की तलाश कर रही है। इधर, थाना भुसावर के गांव खालसा में 18 मई को पानी को लेकर हुए दो पक्षों में खूनी संघर्ष में घायल 50 वर्षीय घसीडा पुत्र रमती ने ईलाज के दौरान सोमवार को भरतपुर में दम तोड़ दिया। ज्ञात है कि गांव नया गांव खालसा में खूनी संघर्ष हुआ था। जिसमें दो-तीन महिलाओं सहित सात जने घायल हुए थे। पुलिस ने सात को पकड़ा था।