साढे़ चार लाख का कर्ज नहीं चुका सका तो लगा ली फांसी
डीग के गांव नंगला महरानिया में एक किसान ने कर्ज से तंग आकर मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एएसआई मोहनसिंह ने बताया गांव नगला महरानिया निवासी बल्देव 40 वर्ष पुत्र लालाराम गुर्जर ने मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे घर के कमरे में गले में रस्सी से फंदा लगाकर कुंदे से लटककर आत्महत्या कर ली जिसका पता लगने पर घर वालों ने उसे उतारा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने रैफरल चिकित्सालय डीग ले जाकर मृतक का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के चचेरे भाई वीरेन्द्र पुत्र लक्ष्मण गुर्जर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि बल्देव पर बैंक का करीब साढ़े 4 लाख रुपए का कर्जा था। रबी की फसल खेत में ही बर्बाद हो गई थी बल्देव कर्ज से परेशान था। संभवत: उसी से तंग आकर उसने मंगलवार को फांसी लगाई। मृतक के दो पुत्र हैं। जबकि उसकी दो पुत्रियों बबीता व रेखा का विवाह हो चुका है।