मंत्री किलक बोले - गायों के लिए Rs. 358 करोड़ का दिया अनुदान
बामणा से चुई रोड पर स्थित श्री चारभुजा गौशाला में दान की गई सवा बीघा जमीन पर नवनिर्माण का उद्घाटन समारोह रविवार को आयोजित हुआ। रामधाम देवल मेड़ता सिटी से आए रामनिवास शास्त्री महाराज ने कहा कि गौशालाओं व धर्मार्थ के काम में भूमि दान करने वाले भामाशाहों ने पुण्य का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि गायों की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है।
कबीर आश्रम चुई के महंत रामप्रसाद महाराज ने कहा कि गायों की सेवा करना किसी तीर्थ से कम नहीं है। गायों की सेवा से मन को सद्बुद्धि प्राप्त होती है। महंत रामप्रसाद महाराज ने सवा बीघा भूमि दान करने वाले भामाशाह बिरमाराम , नाथूराम, नरपतराम, नरेंद्र का माला व साफा पहनाकर अभिनंदन किया। श्रवणराम महाराज ने आमजन को गौ सेवा के प्रति जागरूक किया। समारोह के मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री अजयसिंह किलक ने कहा कि सरकार गायों की सेवा को लेकर प्रयासरत है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने नागौर जिले में आजादी के बाद सबसे अधिक इस वर्ष 55 करोड़ का अनुदान व पूरे प्रदेश में 399 गौशालाओं को 358 करोड़ का अनुदान गायों के लिए दिया है। सहकारिता मंत्री ने बामणा गांव की श्री चारभुजा गौशाला में चारा हाॅल व ट्यूबवैल खुदवाने की घोषणा की। इस दौरान बिरमाराम ढाका, हरकरणराम महिया, चारभुजा गौशाला अध्यक्ष नाथूराम ढाका, तहसील क्षेत्रीय गौशाला अध्यक्ष हरिराम डूकिया, पूर्व जिला परिषद सदस्य हरजीराम, भाजपा मंडल अध्यक्ष भंवरसिंह रेवंत, रावतराम चोयल दागड़ी, पूर्णाराम, रामलाल डूडी सहित अनेक गोभक्त मौजूद थे।