डेगाना में सीएलजी बैठक, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार पर चर्चा
डेगाना थाने में बुधवार को सीएलजी सदस्यों की बैठक एसपी परिस देशमुख की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस दौरान एसपी ने थाने का निरीक्षण कर जानकारी ली। सीएलजी बैठक में डेगाना डीएसपी अंतरसिंह श्योराण, एसडीएम रवींद्र कुमार चौधरी व थानाधिकारी रामवीर जाखड़ ने सदस्यों के साथ कई मुद्दों पर संवाद किया। बैठक के दौरान डेगाना के मुख्य बाजार में हो रही ट्रैफिक व्यवस्था को भी जल्द सुधारने का निर्देश दिए।
वहीं सदस्यों ने सीओ से थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरियों का जल्द खुलासा करने की मांग भी की। वहीं एसपी ने सड़क सुरक्षा अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 2016 में 35 हजार बिना हेलमेट के चालान किए गए। वर्ष 2017 में इस आंकड़े को 70 हजार तक पहुंचाया, लेकिन 2018 के 4 महीनों में इन आकड़ों को 75 हजार तक पहुंचाया गया है। साथ ही दुपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया जा रहा है। एसडीएम रविंद्र कुमार चौधरी ने भी ट्रैफिक व्यवस्था के बारे जानकारी देते हुए कहा कि अगले सप्ताह से ट्रैफिक व्यवस्था को मद्देनजर रखते हुए पुलिस प्रशासन व अन्य अधिकारियों को मुख्य रूप से लगाया जाएगा। सीएलजी बैठक में एसडीएम, सीओ अंतरसिंह श्योराण, थानाधिकारी रामवीर जाखड़, पार्षद भंवरलाल धोजक, बीसीएमओ डॉ. रामकिशोर सारण, डॉ. मेहराम महिया, हारून रसीद, छोटूराम विश्नोई, डिस्कॉम एईएन ओपी बाना, राजाराम, अनवर अली, नेमाराम महिया, देवीलाल, इकबाल, हुकमाराम बाजिया आदि उपस्थित रहे।
एसपी बोले- सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान जिले में 2017 में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 70 हजार चालान काटे
डेगाना. सीएलजी बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर चर्चा करते एसपी देशमुख व सदस्य।
सीएलजी सदस्यों ने की चोरी की वारदातों का खुलासा करने की मांग
सीएलजी की बैठक में मौजूद सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों से शहर में गत दिनों हुई चोरी की वारदातों का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की। जिस पर एसपी देशमुख ने चोरों को पकड़कर जल्द ही वारदातों का खुलासा किए जाने की बात कही।