दो बाइक की टक्कर में दोनों चालक मरे
गोड्डा जिले के बोआरीजोर थाना के महुआ टोला के पास मंगलवार की देर रात दो बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। मरने वालों में एक बसंतराय थाना के जमनीकोला का विक्रम ब्रह्म है जिसकी उम्र महज 23 साल थी।
इनकी शादी करीब दो माह पहले महागामा में पूजा से हुई थी। वहीं दूसरा युवक ट्रैक्टर मिस्त्री है जो ठाकुरगंगटी प्रखंड के पंजराडीह गांव में ट्रैक्टर ठीक करने जा रहा था। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से दोनों जा रहे, इसी दौरान दोनोें बाइक सवार महुआ टोला के पास आमने-सामने से टकरा गए। दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। बताया जाता है कि विक्रम ब्रह्म की शादी महागामा में करीब दो माह पहले पूजा से हुई थी। बुधवार को विक्रम के बड़े भाई की भी शादी हाेने वाली थी। विक्रम मेहरमा के अमडांड गांव से अपनी बहन को निमंत्रण देकर वापस घर लौट रहा था। विक्रम की मौत के बाद इनके बड़े भाई की शादी भी टल गई। वहीं पूजा के घरों में मातम छाया हुआ है। पूजा के मां व पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं प|ी बार-बार मुर्छित हो रही है।
वहीं मरने वाला ट्रैक्टर मिस्त्री राजू कल ट्रैक्टर ठीक करने के लिए पंजराडीह नहीं आना चाह रहा था। बार-बार पंजराडीह के मालिक का फोन आने पर राजू घर से बाइक लेकर निकल पड़ा। वह घर से बोलकर गया था कि देर शाम वहां से ट्रैक्टर ठीक कर घर वापस लौट आएगा। बोआरीजोर थाना में मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेज दिया गया है।
ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार निजी गार्ड की मौत
दुमका|जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुमका-देवघर मुख्य पथ पर महारो से पहले सड़क हादसे में बुधवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान संत जोसेफ स्कूल के गार्ड अनिल हेंब्रम के रूप में हुई है। वह जामा थाना अन्तगर्त लकड़ापहाड़ी गांव का रहने वाला था और बाइक से स्कूल ड्यूटी करने जा रहा था। इसी बीच वह ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। जामा और मुफस्सिल थाने की पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास किया परन्तु लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा और सड़क सुरक्षा की मांग कर रहे थे। बाद में जामा अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मुआवजा का आश्वासन दिया। जिसके बाद सड़क जाम हटा लिया गया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल दुमका भेज दिया गया है।