बुधवार की शाम नगर थाना क्षेत्र के सब्जी बाजार से रुपए कलेक्शन कर निकल रहे आसनसोल के थोक सब्जी व्यवसायी उमेश साव को पिस्तौल दिखाकर अपराधियों ने पांच लाख रुपए लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही उद्भेदन करते हुए नगर थाना पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के सनवेल बादार निवासी करन राउत को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर जटाही मोड़ स्थित टेडीबियर कारखाने से लूटे गए पांच लाख में से साढ़े चार लाख रुपए भी बरामद कर लिया गया है। घटना में शामिल मीना बाजार गली सरिता होटल गली निवासी सागर राउत, जुनपोखर निवासी गौरव नरौने, रवि केसरी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के विषय में जानकारी देते हुए एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार देर शाम को आसनसोल के थोक व्यवसायी उमेश साव देवघर मीना बाजार स्थित सब्जी विक्रेताओं से पांच लाख कलेक्शन कर निकल रहे थे, तभी सागर राउत, गौरव नरौने, करण राउत आदि ने पिस्तौल का भय दिखाकर उनसे पांच लाख लूट लिए थे। पुलिस ने मामले की जानकारी होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम गठित कर 12 घंटे में ही घटना के एक आरोपी करण राउत को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर लूटे गए पांच लाख में से साढ़े चार लाख रुपए बरामद कर लिए। करन रावत ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में कबूल किया है कि उक्त व्यवसायी से लूट को लेकर एक सप्ताह पूर्व ही उसकी रेकी की जा रही थी और लूट की घटना को अंजाम देने की प्लानिंग की गई थी। व्यवसायी द्वारा पैसा ले जाने की सूचना उपलब्ध कराने व रुपया खपाने व अपराधियों को संरक्षण देने में करन रावत व करण जायसवाल की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है। पुलिस ने करण राउत को गुरुवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया, साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। बुधवार शाम को नगर थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी गली में बेखौफ अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर व्यवसायी उमेश साव से पांच लाख लूटे थे। एसपी एनके सिंह ने बताया कि गौरव नरौने, सागर राउत व रवि केसरी पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी व जब्त रुपयों की जानकारी देते अधिकारी।
सीवान एसपी के पिता से ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार
देवघर| जिले के मधुपुर अनुमंडल से भी पुलिस ने साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। मधुपुर के दरवे गांव निवासी समसुल अंसारी पिता आसिन अंसारी को सीवान पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि सीवान के एसपी नवीन कुमार सिंह के पिता से साइबर अपराधियों ने 70 हजार रुपए की ठगी कर ली थी। इस संबंध में सीवान थाना में मामला दर्ज कराया गया था। सीवान की पुलिस मामले की जांच को लेकर मधुपुर पहुंची। पुलिस ने मधुपुर के दरवे गांव से समसुल अंसारी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से आठ मोबाइल, दो पासबुक सहित अन्य सामान भी बरामद किया है। बताया जाता है कि सीवान पुलिस आरोपी को अपने साथ सीवान ले गई है।