वादा निभाने 25 को आएंगे पीएम नरेंद्र मोदी, 65 सौ करोड़ की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 मई को झारखंड में 6500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सिंदरी के बंद पड़े खाद कारखाना को खोल कर अपना वादा निभाने के लिए पीएम मोदी 25 मई को दोपहर तीन बजे झारखंड आएंगे। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि सरकार बनने पर सिंदरी खाद कारखाना खोला जाएगा। अब इस वादे को पूरा करने का वक्त आ गया है। सीएम मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिंदरी से लौटकर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर वे झारखंड के 19 पिछड़े जिलों के डीसी और एसपी के साथ बैठक करेंगे। इससे पूर्व देवघर में बनने वाले एम्स और एयरपोर्ट, पतरातू में 4000 मेगावाट बिजली उत्पादन करने वाले पीवीयूएनएल का शिलान्यास करेंगे। एम्स में 2019 तक ओपीडी शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। कोडरमा और चाईबासा में खुलने वाले मेडिकल कॉलेज और देवघर सीपेट की फाइल प्रक्रिया में है, पूरा हो जाने पर इनका भी शिलान्यास प्रधानमंत्री के हाथों से कराया जा सकता है।
हूल दिवस से एक माह तक चलेगा अभियान
सीएम ने कहा कि 30 जून को हूल दिवस के मौके पर एक माह तक चलने वाले अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके तहत राज्य के आदिवासी बहुल वैसे गांव में सरकार की सभी योजनाएं शत-प्रतिशत पहुंचाई जाएंगी, जहां की आबादी 500 से ज्यादा है। इसमें सौभाग्य योजना के तहत घर-घर बिजली पहुंचाना, उजाला योजना के तहत एलइडी बल्ब वितरण, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन बांटना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा मिशन इंद्र धनुष (टीकाकरण) योजना को लाभुकों तक शत प्रतिशत पहुंचाया जाएगा।
सीएम बोले-20 से 29 जून तक हर प्रखंड में कृषि महोत्सव होगा
जल संग्रहण दिवस 24 को 1000 तालाबों का निर्माण होगा शुरू
रांची | राज्य सरकार इस बार 24 मई को पूरे राज्य में जल संग्रहण दिवस मनाएगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि इस दौरान राज्य में एक साथ 1000 तालाब के निर्माण की शुरूआत होगी। इसके बाद 20 से 29 जून तक प्रत्येक प्रखंड में कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में फ्लैगशीप योजनाओं की समीक्षा करते हुए सीएम ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार की गरीबोन्मुखी योजनाओं को अभियान चला कर 500 और उससे अधिक की आदिवासी आबादी वाले गांव में धरातल पर उतारा जायेगा। हुल दिवस 30 जून से एक माह तक यह अभियान चलेगा।
हुल दिवस पर 30 जून आदिवासी बहुल गांवों में चलेगा विकास का अभियान
डीसी करें हर दस दिन पर विद्युतीकरण की समीक्षा
सौभाग्य योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने डीसी को निर्देश दिया कि स्कूल, आंगनबाडी, हेल्थ सेंटर आदि को प्राथमिकता के आधार पर बिजली कनेक्शन दें। हर दस दिन पर विद्युतीकरण की समीक्षा करें। उन्होंने पूरे राज्य में हर घर तक विद्युतीकरण के लिए एक टाइमलाईन दिया है। उद्यमी बोर्ड तथा पंचायती राज के तहत प्रखंड समन्वयकों के माध्यम से गांवों में उपलब्ध कराई जा रही बिजली कनेक्शन की थर्ड पार्टी के रूप में जांच कराने का भी निर्देश दिया।
उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में फ्लैगशीप योजनाओं की समीक्षा करते रघुवर दास।
आदिवासी बहुल क्षेत्रों में स्कूल खोलने पर दें जोर : मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में स्कूलों की कमी है, उन क्षेत्रों में स्कूल खोलने पर जोर दें। राज्य में मॉडल स्कूलों में नामांकन बढ़ायें और उनमें शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाया जा सके। उन्होंने कहा डीसी अपने क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के प्राचार्यों के साथ बैठक कर स्वच्छता के लिए प्रोत्साहित करें।
सिंदरी खाद कारखाना खुलेगा, देवघर में बनने वाले एम्स और एयरपोर्ट का शिलान्यास होगा