इंटर का रीजल्ट जून में होगा जारी : जैक अध्यक्ष
मूल्यांकन कार्य का जायजा लेने पहुंचे जैक अध्यक्ष अरविंद कुमार व अन्य।
भास्कर न्यूज | दुमका
+2 जिला स्कूल दुमका इंटर विज्ञान मूल्यांकन केन्द्र पर मंगलवार को जैक के अध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह ने क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक अशोक कुमार शर्मा एवं जैक के ओएसडी अश्वनी कुमार यादव के साथ मूल्यांकन कार्य का औचक निरीक्षण किया। जैक अध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह ने परीक्षकों को संंबोधित करते हुए कहा कि जून के प्रथम सप्ताह में परीक्षाफल जारी करने के लिए हर संभव प्रयास होगा। ससमय परीक्षाफल प्रकाशन के लिए परीक्षकों को सुबह 09 बजे से शाम 05 बजे तक उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन करना होगा। उन्होंने कहा कि ससमय मूल्यांकन कार्य सम्पादित करने के लिए +2 जिला स्कूल दुमका मूल्यांकन केन्द्र पर अंग्रेजी विषय के परीक्षकों का देवघर जिला से प्रतिनियोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र हीत में उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन सावधानी से एवं त्रुटिरहित करें। प्राप्तांक को अंक पत्रक में चढ़ाते समय बहुत ही सावधानी बरते। क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक अशोक शर्मा ने कहा कि मूल्यांकन कार्य में लगे हुए सभी लोग मूल्यांकन अवधि में मूल्यांकन केन्द्र नहीं छोड़े एवं निर्वाध रूप से त्रुटिरहित मूल्यांकन करें। कहा कि मूल्यांकन ससमय त्रुटिरहित सम्पादित करना सभी परीक्षकों का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन केन्द्र पर मोबाइल का प्रयोग वर्जित है। निरीक्षण के क्रम में समन्यवयक संजय सिन्हा, विजय दुबे, प्रदीप कुमार, महेन्द्र राज हंस, रघुनन्दन मंडल, संगीत कुमार ठाकुर, रोहित अम्बष्ट के साथ उपस्थित थे।