देवघर में एम्स के लिए 1103 करोड़ मंजूर
केंद्र सरकार ने देवघर में एम्स बनाने की मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इसके लिए 1103 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। राज्य सरकार ने इसके लिए 236.92 एकड़ जमीन पहले ही आवंटित कर दी है। 25 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका शिलान्यास करेंगे। 45 महीने में यह बनकर तैयार हो जाएगा। एम्स में 750 बेड होंगे और एक ट्रॉमा सेंटर भी होगा। इसकी कुल लागत करीब 1130 करोड़ रुपए आएगी।
एम्स में स्थित मेडिकल कॉलेज मेें सालाना 100 छात्रों का एमबीबीएस में दाखिला हो सकेगा। इसमें नर्सिंग कॉलेज में भी सालाना 60 छात्राओं का दाखिला होगा। आवासीय सुविधाएं होंगी। 20 अत्याधुनिक विभाग और 15 ऑपरेशन थियेटर होंगे। पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के तहत उपचार के लिए 30 बेड वाले आयुष विभाग की भी स्थापना की जाएगी। इससे झारखंड खासकर संथाल परगना के लोगों को विशेष लाभ होगा।
20 मेगावाट बिजली और 15 लाख लीटर पानी की जरूरत
देवघर में एम्स बनाने के लिए राज्य सरकार ने 2 जनवरी को 236.92 एकड़ जमीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को सौंप दी है। 18 अप्रैल को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अवर सचिव विनोद कुमार के साथ देवघर के डीसी ने डीड ऑप्ऊ कन्वेंशन साइन किया है। एम्स के लिए 20 मेगावाट बिजली और 15 लाख लीटर पानी उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ऊर्जा और पेयजल विभाग को पत्र लिखा है। एम्स तक पहुंचने के लिए फोरलेन सड़क निर्माण के लिए भी पथ निर्माण विभाग को पत्र लिखा गया है।