थाने से सटे बैंक की दीवार तोड़कर स्ट्राॅन्ग रूम तक पहुंचे चोर
इलाके में चोरों की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि वे पुलिस थाने के साथ सटे बैंक पर भी धावा बोल रहे हैं। बीती रात डेराबस्सी थाने के साथ सटे पंजाब नेशनल बैंक की दीवार में सेंधमारी कर चोर स्ट्रॉन्ग रूम तक जा पहुंचे। हालांकि स्ट्राॅन्ग रूम की दीवार नहीं तोड़ पाए, परंतु बैंक के छह एलसीडी मॉनिटर, एक वाॅल फैन, डीवीआर समेत दो सीसीटीवी कैमरे लेकर फरार हो गए। दो छुटि्टयां होने के कारण सोमवार सुबह बैंक खोलने पर चोरी की वारदात का पता चला। पुलिस पड़ताल कर रही है।
अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर डेराबस्सी पुलिस स्टेशन परिसर की दीवार के साथ खादी ग्राम उद्योग परिसर में पंजाब नेशनल बैंक स्थित है। बैंक के पीछे ग्रामोद्योग का एक खाली कमरा और खुला एरिया है। चोरों ने इसी सुनसान इलाके से बैंक के पीछे खादीग्राम उद्योग के कमरे से होते हुए बैंक के एक कमरे की दीवार में सेंधमारी की। किचन के तौर इस्तेमाल होने वाले इस कमरे में सेंधमारी कर चोर अंदर घुसे और साथ लगते स्ट्राॅन्ग रूम, जहां करंसी चेस्ट मौजूद है, की दीवार को भी तोड़ने का प्रयास किया। कामयाबी न मिलने पर चोर बैंक के पब्लिक काउंटर्स पर लगे कंप्यूटर्स के छह एलसीडी मॉनीटर्स, दो सीसीटीवी कैमरों सहित डीवीआर और एक दीवार पंखा समेटकर उसी रास्ते फरार हो गए। बैंक में शनिवार व रविवार की छुट्टी होने की वजह से यह भी कंफर्म नहीं है कि चोरी किस रात को हुई थी। बैंक मैनेजर अनिल गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे बैंक खोलने पर इस हादसे के बारे में पता चला। हालांकि रात के समय बैंक में किसी सिक्योरिटी गार्ड का कोई प्रबंध नहीं है, परंतु पीछे खादी ग्रामोद्योग के एक कर्मी ने बताया कि उसने रविवार रात दो-तीन युवकों को यहां घूमते देखा जो लघुशंका का बहाना लगाकर खिसक गए। बैंक के स्ट्राॅन्ग रूम की दीवार तक तोड़ने का प्रयास किया, जहां लॉकर्स व करंसी चेस्ट में करोड़ों के गहने व नकदी मौजूद थे। अनिल गुप्ता के अनुसार शिकायत देने पर पुलिस ने मौके का दौरा किया। छह काउंटर्स के मॉनीटर चोरी होने की वजह से सोमवार को बैंक के 8 में से 6 काउंटर पर कामकाज ठप रहा और केवल दो काउंटर से ही पूरे बैंक का काम-काज चलाना पड़ा। इससे ग्राहकों को काफी परेशानी हुई।
डेराबस्सी थाने से सटे पंजाब नेशनल बैंक की किचन की दीवार तोड़कर अंदर घुसे चोर, स्ट्रॉन्ग रूम से नहीं कर पाए चोरी। -फोटो भास्कर
आईपीएल मैच में तैनात था पुलिस स्टाफ, चोरों ने उठाया फायदा...
रविवार को डेराबस्सी के थाना प्रभारी, मुबारिकपुर चौकी इंचार्ज समेत ज्यादातर पुलिस अफसर व कर्मी देर रात तक मोहाली में आईपीएल मैच में तैनात थे। थाना परिसर और बैंक इमारत की दीवार साझी है और यहीं पुलिस के रिहायशी क्वार्टर और पुलिस सुविधा केंद्र भी मौजूद है, परंतु किसी को कानों-कान खबर नहीं हो सकी। बता दें कि इलाके में रात ही नहीं, दिन-दहाड़े भी चोरी की वारदातों में लगातार इजाफा हो रहा है। हादसा हो जाने के बाद पुलिस केवल लकीर पीटते नजर आ रही है और कई मामले ऐसे भी हैं, जो पुलिस फाइल तक दर्ज भी नहीं हो रहे। थाना प्रभारी मोहिंदर सिंह ने बताया िक शिकायत मिलने के बाद पुलिस द्वारा फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्कवायड की मदद से पड़ताल की जा रही है। जल्दी ही चोर जरूर पकड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि बैंक की ओर से भी कोई चौकीदार का प्रबंध न होने से चोरों के लिए वारदात करना और आसान हो गया।