डेराबस्सी। बुधवार रात अज्ञात लुटेरों ने गांव सैदपुरा में दवाई लेकर लौट रहे फैक्ट्री में तैनात एक चौकीदार के साथ मारपीट की। उसे जख्मी कर 400 रुपए और सेल फोन छीन कर फरार हो गए। जाते समय आरोपी लोग चौकीदार को नाले में फेंक गए। घायल चौकीदार को डेराबस्सी सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। अस्पताल में दाखिल कमल राम ने बताया कि वह सैदपुरा में हाइटेक रूल्स नामक फैक्ट्री में चौकीदार है और फैक्ट्री में ही अपनी प|ी व बच्चे के साथ रहता है। वह रात को दवाई लेकर वापस आ रहा था। जैसे ही सैदपुरा से अपनी फैक्ट्री की ओर मुड़ा, करीब आधा दर्जन अज्ञात युवकों ने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। इस दौरान डंडा लगने से उसकी बाजू टूट गई। आरोपियों ने धमकाकर उससे ₹400 और सेलफोन छीन लिया और उसे एक नाली में धक्का देकर फरार हो गए। बाद में चौकीदार फैक्ट्री मालिक एचएस कोहली को आपबीती सुनाई जिन्होंने उसे इलाज के लिए अस्पताल दाखिल करवाया। यहां से उसे सरकारी अस्पताल सेक्टर 16 चंडीगढ़ में रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बयान दर्ज कर पड़ताल शुरु कर दी है।