एटीएम कार्ड बदलकर तीन दिन में खाते से उड़ाए 2.40 लाख रुपए
मुबारिकपुर में बिजली विभाग से सेवानिवृत्त लाइनमैन का एटीएम कार्ड बदलकर उसके बैंक खाते से 2.40 लाख रुपए उड़ा लिए गए। हालांकि पैसे निकलवाने की लिमिट 40 हजार रुपए ही थी परंतु शातिर युवक ने तीन दिन में 1.20 लाख रुपए कैश निकाले और 1.20 लाख रुपए किसी और के खाते में ट्रांसफर कर दिए। खाते में 6 लाख से अधिक थे। गनीमत रही कि तीसरे दिन पीड़ित को ठगी की भनक लग गई और उसने कार्ड बंद करा दिया। एसएमएस अलर्ट सुविधा के बावजूद इस ठगी काे अंजाम दिया गया, जिसकी शिकायत मुबारिकपुर पुलिस को दी गई है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि एमएमएस रात में जारी होते थे और कई बार तो जारी ही नहीं होते थे परंतु बेटे को एसएमएस के जरिये ही ठगी का पता चला। पीड़ित प्रेमलाल पंथ निवासी गोविंद विहार कॉलोनी मुबारिकपुर ने बताया कि 8 मई को शाम करीब 5:00 बजे वह मुबारिकपुर बस स्टैंड पर लगे टाटा कंपनी के एटीएम में पैसे निकलवाने गए। तीन बार एटीएम कार्ड डालने पर जब पैसे न निकले तो साथ में ही खड़े युवक ने कहा कि वह उनकी सहायता कर देगा। उसने एटीएम कार्ड मशीन में डाला तो साथ में पासवर्ड भी पूछ लिया। इसके बाद उसने चालाकी से एटीएम बदलकर कहा कि आपके खाते में पैसे नहीं हैं। पीड़ित को एटीएम बदलने की भनक भी नहीं लग पाई। उसी रात नौजवान ने पहले अनीता नाम के खाते में 40000 ट्रांसफर किए और 2 बार 20,20 हजार करके रुपए निकलवा लिए। अगले 2 दिन भी उसने ऐसा ही किया। अनीता नाम के खाताधारक के खाते में 120000 ट्रांसफर किए गए और एक लाख 20 हजार रुपए रामगढ़ और चंडीगढ़ बस स्टैंड के एटीएम से निकलवाए गए। पीड़ित ने पता लगने पर तुरंत एटीएम कार्ड बंद करवाया और पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस चौकी के प्रभारी भिंदर सिंह खंगूड़ा ने बताया कि उन्होंने जांच शुरू कर दी है।
प्रेमलाल