26 को शादी, महिला सशक्तिकरण की ब्रांड एंबेसडर उर्मिला का तबादला
शराबी दूल्हे को मंडप से लौटा कर महिला सशक्तिकरण की ब्रांड एंबेसडर बनी उर्मिला सोनवानी 26 अप्रैल को विवाह रचाएंगी। लेकिन ऐन वक्त पर जिला सेनानी नगर सैनिक कार्यालय के जिला मुख्यालय गरियाबंद में रहने के आदेश विवाह की तैयारी में रोड़ा बन गया है। स्थानांतरण मामले से कलेक्टर ने भी पल्ला झाड़ते हुए कह दिया कि मामला प्रशासनिक है, मैं क्या कर सकता हूं।
दो साल पहले 3 अप्रैल को शराबी दूल्हे को भरे मंडप से लौटा कर ग्राम लाटापारा की बेटी ने अदम्य साहस का परिचय दिया था। उर्मिला के इस साहसिक कदम की सरकार ने भी सराहना की था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने उसे महिला सशक्तिकरण का ब्रांड एंबेसडर बनाया था। साथ ही जीविकोपार्जन के लिए नगर सैनिक में भर्ती करवा कर चौकीदार का पद भी दिया था। सरकार ने ये भी कहा था कि जब तक उर्मिला नौकरी पर रहेगी, वह देवभोग में ही पदस्थ रहेंगी, जिसके बाद उसे कस्तूरबा गांधी विद्यालय में पदस्थ किया गया था। देवभोग के युवक के साथ उर्मिला शादी करने जा रही हैं। विवाह 26 अप्रैल को है, जिसकी तैयारी में वे इस समय जुटी हुई हैं। इसी बीच जिला सेनानी कार्यालय के नए कमांडेंट अजय अरुण कुमार सिंग द्वारा 12 अप्रैल को एक आदेश जारी कर कस्तूरबा की अधीक्षिका को निर्देश किया गया है कि वे तत्काल उर्मिला को जिला कार्यालय वापस कर भेज दें।
देवभोग. कस्तूरबा विद्यालय में चौकीदारी करते हुए ब्रांड एंबेसडर उर्मिला।
सीएम को देने जाएंगी न्यौता, बताएंगी आपबीती
उर्मिला ने बताया कि स्थानांतरण आदेश के बाद स्वयं जिला कमाडेंट से बात की। अपने बारे में बताने की भी कोशिश की पर कमांडेंट ने उनसे कार्यालय में आकर अपनी बात रखने को कहा है। 15 अप्रैल को उर्मिला विवाह का न्यौता देने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निवास जाएगी, जहां अपनी समस्या उनके सामने रखेंगी। उर्मिला ने कहा कि जिले के प्रभारी मंत्री एवं महिला बाल विकास विभाग के मंत्री को आमंत्रण देंगी।