पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • लोगों ने कहा अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो हम लोग भी जगह जगह करेंगे कब्जा

लोगों ने कहा-अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो हम लोग भी जगह-जगह करेंगे कब्जा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कस्बे में बढ़ते जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ अब लोग मुखर हो गए हैं। करीब चार दिन पहले नगर के लोगों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन नायब तहसीलदार ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। ज्ञापन में लोगों ने 7 दिन का अल्टीमेटम देकर चेतावनी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो हम लोग भी जगह-जगह अतिक्रमण करना शुरू कर देंगे। ज्ञापन देने वाले लोग 7 दिन पूरे होने का इंतजार कर रहे हैं। अब मात्र 3 दिन बचे हैं। इसके बाद यदि लोगों ने अतिक्रमण करना शुरू कर दिया तो प्रशासन को मुश्किल हो सकती है। वहीं अतिक्रमण के खिलाफ यह प्रदर्शन भी अपने आप में अनोखा होगा।

नायब तहसीलदार को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर के चारों ओर हर जगह अतिक्रमणकारी बेखौफ होकर खुलेआम दिन दहाड़े कब्जा कर रहे हैं। शासन प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली के कारण जगह-जगह सरकारी जमीन पर कब्जा है। आने वाले समय में नगर में इसी तरह अतिक्रमण एवं कब्जा सरकारी जगहों पर होता रहा तो आने वाले दिनों में सरकारी जमीन ही नहीं बचेगी। अतिक्रमणकारी इतने बेखौफ हैं की उन्हें अधिकारियों का कोई भी खौफ नहीं है। अधिकतर अतिक्रमणकारी बाहर के निवासी हैं जो निरंतर देवरी में अतिक्रमण कर व्यवसाय कर रहे हैं। अधिकतर अतिक्रमणकारी शासन प्रशासन से जुड़े लोगों और उनके परिवारों के सदस्य हैं।

इन स्थानों पर किया जा रहा अतिक्रमण

नगर में पंचायत हाट बाजार के पास, तालाब के पास दशहरा मैदान में अतिक्रमण किया गया है। वहीं एनएच 12 संजय नगर चौराह,पावर हाउस के सामने पहाड़ी से सटकर, एनएच 12 पेट्रोल पंप के पीछे व आलहनपुर के पास राजस्व भूमि 6 एकड़ पर अतिक्रमण किया गया है। जिस पर आज तक कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा टिमरावन रमपुरा मार्ग, तुलसीनगर स्कूल एनएच 12 के पास,थाने के सामने रेंज विभाग से लगकर व बस स्टैंड परिसर में भी जगह- जगह अतिक्रमण है।

अतिक्रमण के खिलाफ लोगों में बढ़ रहा आक्रोश, नायब तहसीलदार से की सख्त कार्रवाई की मांग

अतिक्रमण के खिलाफ एकजुट हुईं कई समितियां

अतिक्रमण के खिलाफ नायब तहसीलदार को ज्ञापन देने वालों में हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष मिथलेश रघुवंशी, व्यापारी संघ अध्यक्ष महेंद्र कुमार सोनी, जितेंद्र पटेल, ग्राम विकास समिति के नीरज श्रीवास्तव, अमन श्रीवास्तव, हिउस समिति उपाध्यक्ष विपिन चौरसिया, अवधेश गुप्ता आदि शामिल हैं। इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव जशवंत सिंह लोधी ने बताया कि नायब तहसीलदार को अतिक्रमणकारियों की सूची दी थी, तो उन्होंने सूची लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि अतिक्रमणकारियों को कब कब नोटिस दिए हैं पहले उसकी लाकर दो।

अतिक्रमण कर दूसरे को बेच देते हैं जमीन

नगर में लगातार हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा कोई नया नहीं है। यहां कब्जे को ही लोगों ने व्यवसाय बना लिया है। वन क्षेत्र होने के कारण यहां राजस्व व वनभूमि अधिक है। इसके कारण बाहर से लोग यहां आकर बांस बल्ली लगाकर अतिक्रमण कर लेते हैं। फिर उक्त स्थान पर पक्के मकान बनाकर उन्हें बेच देते हैं। इसके बाद वही लोग फिर दूसरी जगह अतिक्रमण कर लेते हैं। इस तरह से अतिक्रमण कर सरकारी जमीन को बेचने का खेल लंबे समय से चल रहा है और प्रशासनिक अधिकारी हाथ पर हाथ धरे तमाशा देख रहे हैं। अब तक एक भी बार सख्त कार्रवाई नहीं की गई।

खबरें और भी हैं...