देवगढ़ : मंडावर का केरूंडा बाबा रामदेव धाम में अाज भरेगा मेला
देवगढ़ | अजमेर और पाली जिले की सीमा पर राजसमंद जिले के भीम उपखंड क्षेत्र की मंडावर पंचायत में वर्षा की भविष्यवाणी के लिए प्रसिद्ध केरूंडा बाबा रामदेव मंदिर में मंगलवार को मेला लगेगा। मेला संयोजक पन्ना सिंह रावत, सरपंच प्यारी रावत और जसवंत सिंह मंडावर के सानिध्य में होगा। केरूण्डा बाबा रामदेव मंदिर पर अक्षय तृतीया पर मंगलवार रात्रि को बारिश की भविष्यवाणी होगी। 18 अप्रैल सुबह साढ़े छह बजे मंडावर में रोट दर्शन होंगे। यहां पर दो तरीके रोट शगुन और कुंड शगुन से वर्षा की भविष्यवाणी की परम्परागत रूप से वैज्ञानिक युग में चमत्कारिक भविष्यवाणी की जाती है। जो हर वर्ष सटीक रहती है। इसके लिए विशेष साधु संतों और पूजा संघ की टोली बाबा रामदेव के काका धनराज की समाधि स्थल मियाला से करीब 15 किमी पैदल चल कर केरूण्डा पहुंचती है। मियाला से रवाना होते ही चलायमान मेले का आगाज होता है।
ऐसे होती हैं भविष्यवाणी
मगरा विकास मंच राजस्थान के अध्यक्ष जसवंत सिंह मंडावर ने बताया कि केरूण्डा बाबा रामदेव मंदिर परिसर में मगरा, मारवाड़, मालवा और मेवाड़ के निर्धारित चार कुंड है। अक्षय तृतीया की पूर्व संध्या पर इन कुंडों की विधिवत पूजा के साथ सफाई की जाती है। रात में भक्ति जागरण के बीच इन कुंडों को वर्षा काल के चार महीनों आषाढ़, श्रावण, भाद्रपद और आसोज के हिसाब से चार बार अवलोकन करते है। अवलोकन के तहत उक्त महीने और सूखे कुंड में पानी आने, पानी के जलस्तर के कम या अधिक होने की घटना के पर पंडितों की टोली आंकलन करती है।