देवगढ़ : खोया मोबाइल लौटाने पर सैफ ने राहुल को दिया इनाम
देवगढ़ | कप्तान फिल्म की शूटिंग से देवश्री होटल लौटते हुए फिल्म अभिनेता सैफ अली खान का मोबाइल होटल के बाहर गिर गया। मोबाइल 8 साल के बच्चे को मिला तो उसने होटल में आकर मोबाइल लौटाया। इस पर सैफ ने बच्चे को इनाम दिया। देवश्री होटल के शत्रुंजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम को सैफ अली खान शूटिंग से शाम 7 बजे देव श्री होटल में अंदर जा रहे थे । इस दौरान होटल के बाहर 50-60 बच्चे खड़े हुए थे। इनसे मिलने के लिए सैफ अली खान गाड़ी से नीचे उतरे। इस दौरान मोबाइल वहीं गिर गया। जिसको वहां ढूंढा लेकिन नहीं मिला। इस दौरान थोड़ी देर बाद राहुल पुत्र माणकलाल धाभाई होटल में आया और सैफ का खोया मोबाइल मिलने की बात कही। सैफ अली को राहुल ने मोबाइल लौटाया। इस दौरान सैफ ने खुश होकर राहुल को नकद राशि इनाम में दी। इससे पहले देवगढ़ के पास आंजना में शनिवार को फिल्म कप्तान की शूटिंग में सैफ अली सहित कलाकारों को देखने काफी लोग पहुंचे। लेकिन देखने नहीं दिया गया।
राहुल।