देवगढ़ | पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए अब एक दिन छोड़कर एक दिन पेयजल वितरण शुरू किया है। गौरतलब है कि पेयजल वितरण व्यवस्था चरमराने पर दैनिक भास्कर ने इस समस्या को उठाया। इसको प्रशासन ने गंभीरता से लिया। इसके तहत एसडीएम ने जलदाय विभाग के अधिकारियों, ठेकेदार और पालिका से संपर्क कर देवगढ़ नगर में हर दूसरे दिन हर जोन को पानी देने की व्यवस्था बनाई है। शुक्रवार को एसडीएम काशीराम चोैहान ने देवगढ़ के जिन जोन में सुबह सप्लाई हो रही थी वहां जायजा लिया और पानी आपूर्ति की स्थिति जानी। 15 मई को एसडीएम ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता केसर सिंह पंवार को निर्देश दिए कि बुधवार सेे हर जोन में एक दिन छोड़ एक दिन पानी सप्लाई हो। इसको देखने के लिए उपाध्याय गली, नारायण जी मोहल्ला सहित स्थानों पर जाकर लोगों से पानी संबंधित जानकारी ली। इस पर लोगों ने गर्मी को देखते हुए समय बढ़ाने और जो प्रेशर कम आने की शिकायत की। वहीं उपाध्याय गली में 7 कनेक्शन में मामूली पानी आने की शिकायत मिली इस पर एसडीएम ने निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को निर्देश दिए की एक दिन छोड़ एक दिन हर जोन में पानी मिले और जो भी हैंडपंप खराब है, उन्हें तुरंत ठीक करवाएं। जहां लोगों ने पनघट योजना की मांग की है, उनको दिखावे। गौरतलब है कि देवगढ़ पालिका क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल वितरण व्यवस्था लडख़ड़ा रही थी। इसको लेकर मगरा विकास बोर्ड अध्यक्ष हरिसिंह रावत ने जलदाय विभाग के उच्चाधिकारियों की बैठक ली। देवजागरण संस्था ने जलदाय विभाग कार्यालय के बाहर धरना कर एसडीएम को ज्ञापन दिया था, इसके बाद भी देवगढ़ में जल वितरण व्यवस्था में सुधार नही आया। पिछले दिनों पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष रेखा सोनी के नेतृत्व में महिला प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर आनंदी से मिला। इस पर कलेक्टर आनंदी ने निर्देशित किया। तीन दिन पहले एसडीएम काशीराम चौहान ने भी कुंडेली बांध पर जाकर औचक निरीक्षण किया और जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
एसडीएम ने जलदाय विभाग अधिकारियों की बैठक ली : पेयजल समस्या को लेकर पालिका कार्यालय में शुक्रवार को एसडीएम काशीराम चौहान ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता केसरसिह पंवार सहित कर्मचारी के साथ बैठक ली। इसमें बताया कि देवगढ़ नगर में कुल 48 पनघट योजना है। इसमें 26 पनघट शुरू है। दो जगह पनघट बंद है। वहीं नगर में 131 हैंडपंप है। इनमें 110 हैंडपंप शुरू है। 21 सूखे है, वहीं पालिका क्षेत्र में सार्वजनिक नल 65 जगह है, इनमें से 6 जगह बंद है। एसडीएम काशीराम चौहान ने निर्देश दिए की हर जोन में एक दिन छोड़ एक दिन पानी मिले और कही भी पानी की समस्या नही रहे। एसडीएम चौहान ने बताया कि पालिका ने पीने के पानी के टैंकर की व्यवस्था की हेैै। जो नगर के बापूनगर, कच्ची बस्ती, रामपुरिया, खटीकों का मोहल्ला, गुर्जरी दरवाजा, सोलंकी दरवाजा, नारायण जी का मोहल्ला, बांडी होली स्थान, वेदवारी दरवाजा, बल्लों का मोहल्ला, छीपों का मोहल्ला, बडी होली स्थान सहित क्षेत्र में अतिरिक्त टैंकर लगाकर पीेने का पानी पहुंचाया जाएगा।
रेलमगरा : 48 से 72 घंटे में कम दबाव से पानी की सप्लाई, महिलाओं ने फोड़े मटके
रेलमगरा | कस्बे में 2 साल से पेयजल की समस्या को लेकर महिलाओं व लोगों ने शुक्रवार को पीएचईडी कार्यालय पर मटकियां फोड़ कर विरोध-प्रदर्शन किया। महिलाओं ने नारे बाजी कर पर्याप्त पानी की सप्लाई करवाने की मांग की। समस्या हल नहीं होने पर पीएचईडी कार्यालय पर तालाबंदी व सड़क जाम करने की चेतावनी दी गई है। कस्बे के कुम्हार व लखारा मोहल्ले की महिलाओं ने पीएचईडी कार्यालय के बाहर पहुंच कर मटके फोड़े तथा नारे बाजी की। महिलाओं का कहना है कि मोहल्ले में 2 साल से अनियमित व कम दबाव से सप्लाई की जा रही है। गर्मी में स्थिति ज्यादा विकट हो गई है। कमला देवी प्रजापत, दिलखुश रंगरेज, रतना प्रजापत, लक्ष्मी धोबी, निर्मला मेहता, प्रेम प्रजापत ने बताया कि 48 से 72 घंटों में 20 मिनट के लिए कम दबाव से सप्लाई दी जा रही है। कई बार प्रशासन को शिकायत की गई, लेकिन समस्या का हल नहीं निकला। महिलाओं का कहना है कि उन्हें घर के बाहर कुंडी से पानी भरना पड़ रहा है। कम दबाव की सप्लाई से घरों में पानी नहीं पहुंच पाता है। कुंडी में उतरने से कई महिलाएं घायल हो चुकी हैं।
मोहल्ले के कैलाश कुमार, पन्नालाल धोबी, राजेन्द्र मेहता, मदनलाल, बद्रीलाल ने बताया कि शिकायत पर अधिकारी निरीक्षण के बाद आश्वासन देते रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों के फील्ड में होने पर महिलाएं इन्हें बुलाने पर अड़ गईं। बाद में कर्मचारियों ने उन्हें तीन दिन में सप्लाई की व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष रोशनलाल टुकल्या, राकेश सरगरा, रतन प्रजापत, बद्रीलाल कुम्हार, प्रवीण सामर, मांगीलाल मेहता, मदन लाल प्रजापत, चंचल धोबी, पंचायत समिति सदस्य श्रीराम विजयवर्गीय सहित कस्बावासी उपस्थित रहे।